Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जनजातीय गौरव दिवस पर MP में तीन दिन होंगे बड़े आयोजन, धार में 2500 करोड़ की सिंचाई परियोजना का लोकार्पण

भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर मध्यप्रदेश में 14 से 16 नवंबर तक जबलपुर, धार और खंडवा में राज्यस्तरीय आयोजन होंगे। धार में 2500 करोड़ रुपए की सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया जाएगा।
जनजातीय गौरव दिवस पर MP में तीन दिन होंगे बड़े आयोजन, धार में 2500 करोड़ की सिंचाई परियोजना का लोकार्पण
जनजातीय गौरव दिवस पर MP में तीन दिन होंगे बड़े आयोजन

भोपाल। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती यानी जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश में 14 से 16 नवंबर तक तीन बड़े राज्यस्तरीय आयोजन किए जाएंगे। कार्यक्रमों की शुरुआत 14 नवंबर को जबलपुर से होगी। 15 नवंबर को धार में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव डही में नर्मदा जल से जुड़ी करीब 2500 करोड़ रुपए की सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना से धार और अलीराजपुर जिले के 300 गांवों को सिंचाई की सुविधा मिलने का दावा किया गया है। वहीं 16 नवंबर को खंडवा में आयोजन के साथ तीन दिवसीय कार्यक्रमों का समापन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके और भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम भी मौजूद रहे।

X Post

जबलपुर, धार और खंडवा में होंगे राज्यस्तरीय कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश का भौगोलिक क्षेत्र बड़ा होने के कारण जनजातीय गौरव दिवस का उत्सव प्रदेश के तीन अलग-अलग अंचलों में आयोजित किया जाएगा।

  • 14 नवंबर, जबलपुर: तीन दिवसीय आयोजनों की शुरुआत जबलपुर से होगी। जबलपुर को गोंडवाना साम्राज्य का प्रमुख केंद्र और वीरांगना रानी दुर्गावती की राजधानी के रूप में भी जाना जाता है।
  • 15 नवंबर, धार: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मुख्य राज्यस्तरीय समारोह होगा। डही में करीब 2500 करोड़ रुपए की नर्मदा जल आधारित सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया जाएगा। इस दौरान रोड शो भी प्रस्तावित है।
  • 16 नवंबर, खंडवा: निमाड़ अंचल के खंडवा में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके साथ ही तीन दिवसीय आयोजनों का समापन होगा।

300 गांवों को मिलेगा सिंचाई परियोजना का लाभ

धार जिले के डही में 15 नवंबर को करीब 2500 करोड़ रुपए की सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया जाएगा। नर्मदा जल से जुड़ी इस परियोजना से धार और अलीराजपुर जिले के करीब 300 गांवों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। जनजातीय क्षेत्रों में कृषि और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिहाज से इसे महत्वपूर्ण परियोजना बताया गया है।

89 जनजातीय विकासखंडों में भी होंगे कार्यक्रम

राज्यस्तरीय आयोजनों के अलावा सरकार और भाजपा संगठन 20 नवंबर तक प्रदेशभर में अलग-अलग कार्यक्रम करेंगे। इसके तहत प्रदेश के सभी 89 जनजातीय विकासखंडों के सरकारी स्कूलों और छात्रावासों में विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और अंग्रेजों के खिलाफ उनके आंदोलन की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही टंट्या मामा, राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के बलिदान से भी नई पीढ़ी को परिचित कराया जाएगा।

भाजपा एसटी मोर्चा ने 12 से 20 नवंबर तक तय किया कार्यक्रम

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने जनजातीय गौरव दिवस के तहत 12 से 20 नवंबर तक विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की है।

  • 12-13 नवंबर: जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और महामंत्रियों की तैयारी बैठकें होंगी।
  • 14 नवंबर: प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के दो प्रमुख स्थानों पर जनजातीय महापुरुषों की प्रतिमाओं और देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। दीप प्रज्ज्वलन और लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
  • 15 नवंबर: प्रदेश और जिला स्तर पर भगवान बिरसा मुंडा जयंती के मुख्य समारोह आयोजित किए जाएंगे।
  • 16-17 नवंबर: जनजातीय छात्रावासों में विद्यार्थियों और युवाओं के साथ संवाद किया जाएगा।
  • 18-20 नवंबर: पूर्व और वर्तमान विधायक, सांसद तथा प्रदेश पदाधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में जनजाति गौरव चौपाल लगाएंगे।

जनजातीय नायकों के नाम पर संस्थानों का नामकरण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय नायकों के सम्मान और उनके योगदान को सामने लाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती के अवसर पर जबलपुर और उनकी ऐतिहासिक राजधानी सिंग्रामपुर में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई थी। इसके अलावा राजा भभूत सिंह की स्मृति में पचमढ़ी में भी विशेष कैबिनेट बैठक हुई थी। मुख्यमंत्री के मुताबिक खरगोन की यूनिवर्सिटी का नाम क्रांतिसूर्य टंट्या मामा और मंडला मेडिकल कॉलेज का नाम राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह के नाम पर रखा गया है। जनजातीय किसानों के लिए रानी दुर्गावती के नाम से श्रीअन्न कोदो-कुटकी उपार्जन योजना भी शुरू की गई है जिसमें अलग से बोनस देने का प्रावधान है।

केंद्र और राज्य की सरकारों में जनजातीय प्रतिनिधित्व का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार में जनजातीय समाज के प्रतिनिधित्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार में मध्यप्रदेश से सावित्री ठाकुर और डीडी उइके मंत्री के रूप में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वहीं प्रदेश मंत्रिमंडल में कुंवर विजय शाह, संपतिया उइके, नागर सिंह चौहान, निर्मला भूरिया और राधा सिंह शामिल हैं।

उज्जैन में बोहरा समाज के धर्मगुरु से मिले CM मोहन यादव, सिंहस्थ 2028 के विकास कार्यों की हुई चर्चा

विश्वविद्यालयों में स्थापित होंगी बिरसा मुंडा शोध पीठ

जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों के तहत प्रदेश के विश्वविद्यालयों में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, विचारों और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर शोध पीठ स्थापित करने की योजना भी है। इसके अलावा प्रमुख शहरों में भवनों, सड़कों, चौराहों और पार्कों का नामकरण जनजातीय क्रांतिकारियों के नाम पर करने तथा प्रमुख पार्कों में उनकी प्रतिमाएं स्थापित करने का प्रस्ताव है।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts