Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

RSS का मेगा प्लान: लोस चुनाव के पहले 10 करोड़ लोगों को कराएंगे रामलला के दर्शन

देशभर के सांसदों को भी विशेष ट्रेनें अयोध्या रवाना करने का टारगेट
Follow on Google News
RSS का मेगा प्लान: लोस चुनाव के पहले 10 करोड़ लोगों को कराएंगे रामलला के दर्शन

राजीव सोनी, भोपाल। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने लोकसभा चुनाव के पहले देश भर से 10 करोड़ लोगों को विशेष ट्रेनों और बसों से अयोध्या में रामलला के दर्शन कराने का मेगा प्लान बनाया है। इसके लिए संघ ने देश 30 राज्यों में मौजूद अपने सभी 45 प्रांतों को व्यवस्थाएं जुटाने को कहा है। सामाजिक संगठनों को भी आगे किया गया है। गुजरात, बिहार और राजस्थान जैसे राज्यों के दर्शनार्थियों की फेरी लग चुकी है। भोपाल से मध्यप्रांत की विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई।

प्रदेश के सभी सांसदों को भी अपने क्षेत्र से दर्शनार्थियों की ट्रेन अयोध्या रवाना करने को कहा गया है। संघ-भाजपा की इस मुहिम में सामाजिक संगठन भी अयोध्या दर्शन के कार्यक्रम चला रहे हैं। कार्यक्रम में स्वयं सेवकों के साथ नागरिकों का पंजीयन कराया जा रहा है। रेलवे ने विशेष ट्रेनों की व्यवस्था कराई है। एक फेरी में 1500-1700 लोगों को अयोध्या भेजने के लिए पंजीयन के साथ डेढ़ हजार रु. भी जमा कराए जा रहे हैं।

ऐसा है दर्शन का प्लान

अयोध्या के लिए रेलवे देशभर में 200 से अधिक आस्था स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। अभियान 22 जनवरी से शुरू हुआ जिसमें मई तक ट्रेनों से ही करीब साढ़े तीन करोड़ श्रद्धालु अयोध्या पहुंचेंगे। रूटीन की ट्रेनों, विशेष बसों एवं अन्य वाहनों से भी लोगों को रामलला के दर्शन कराने संघ एवं अन्य संगठन ले जा रहे हैं।

सियासी फायदा, लगी होड़

देश भर के सांसदों को अयोध्या की विशेष ट्रेनें रवाना करने का टारगेट दिया गया है। अन्य नेता भी लोगों को धार्मिक यात्रा पर ले जाने में अपना सियासी फायदा देख रहे हैं।

जन्मभूमि ट्रस्ट और विहिप कर रहा भोजन व्यवस्था

अयोध्या में राम जन्मभूमि ट्रस्ट और विश्व हिंदू परिषद ने एक साथ हजारों श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की है। अमृतसर स्थित दुर्ग्याना तीर्थ ट्रस्ट ने हजारों लोगों के लिए भोजन और चाय- नाश्ता के लिए विशाल लंगर लगाया है। हजारों स्वयं सेवक मंदिर ट्रस्ट की भूमि पर निर्मित टेंट सिटी की व्यवस्थाओं में जुटे हैं। देश के अलग-अलग राज्यों से इन ट्रेनों से आने वाले यात्रियों को दो दिन तक अयोध्या घुमाने और रामलला के दर्शन कराए जाएंगे।

लोक सभा चुनाव तक क्षेत्र में गर्माए रखेंगे माहौल

संघ का मानना है कि 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद से देश भर में जो उत्साह का माहौल बना है उसे चुनाव तक लगातार बनाए रखना जरूरी है। इससे हिंदू एकजुटता को ताकत मिलेगी। चुनाव में इसका फायदा भाजपा को मिलेगा। संघ की योजना है किजिन लोगों को अयोध्या जाने का मौका मिलेगा वे वापस आकर कैटालिस्ट का काम करेंगे।

चलो अयोध्या मुहिम

देश भर से 10 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं को विशेष ट्रेनों और वाहनों से अयोध्या ले जाने की मुहिम चल रही है। भाजपा और विहिप सहित संघ के सभी आनुसांगिक संगठनों ने अयोध्या में दर्शन, ठहरने की सुविधाएं जुटाई हैं। -विनोद बंसल, राष्ट्रीय प्रवक्ता, विहिप

रवाना की विशेष ट्रेन

अयोध्या जाने के लिए होड़ लगी है। मैंने भी अपने संसदीय क्षेत्र से श्रद्धालुओं की एक विशेष ट्रेन आज ही अयोध्या के लिए रवाना की है। इसमें 1700 यात्री अयोध्या एवं रामलला के दर्शन के लिए उत्साह के साथ गए हैं। -वीडी शर्मा, अध्यक्ष भाजपा मप्र.

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts