रुड़की के कांवड़ मार्ग पर आधी रात मचा कोहराम! चार बाइकों की टक्कर, तीन युवकों की मौत, छह घायल

रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे बड़ा सड़क हादसा हुआ। कांवड़ पटरी रोड पर बाजूहेड़ी के पास चार मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और चारों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में नौ युवक घायल हुए। उन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रुड़की सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। छह घायलों का इलाज जारी है। गंभीर हालत वाले एक युवक को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
आमने-सामने टक्कर के बाद मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि पहले दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हुई। इसके बाद पीछे से आ रही दो अन्य बाइकें भी हादसे की चपेट में आ गईं। टक्कर के बाद सड़क पर बाइक के हिस्से बिखर गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद शुरू की। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी भीड़ जमा हो गई।
ये भी पढ़ें: देशभर बारिश का कहर! प्रयागराज में घर डूबे, बिहार में स्कूल बहा, पहाड़ों पर लैंडस्लाइड से 6 मौतें
पुलिस ने पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए रुड़की सिविल अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों ने अयान, राजू और राजीव को मृत घोषित कर दिया।
तीन युवकों की हुई मौत
मृतकों की पहचान बिजौली निवासी अयान (18), रहमतपुर निवासी राजू (24) और रहमतपुर निवासी राजीव (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जानकारी उनके परिजनों को दी जा रही है।
ये भी पढ़ें: Raipur: चमोली टनल हादसे में छत्तीसगढ़ के 4 मजदूरों की मौत, CM साय ने परिजनों को 5-5 लाख देने का किया ऐलान
एक घायल की हालत गंभीर
हादसे में घायल आदित्य (25), निवासी खंजर रोड, की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजन उसे निजी अस्पताल में न्यूरोसर्जन के पास ले गए हैं। वहीं साहबान निवासी बिजौली समेत अन्य घायलों का भी उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार सभी घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ।




















