महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: भारत ने चीन को 6-2 से हराया, पॉइंट्स टेबल में टॉप पर

भोपाल। इस जीत के साथ भारतीय टीम 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई है। दिन के अन्य मुकाबलों में जापान ने मलेशिया को 3-1 और कोरिया ने थाईलैंड को 1-0 से हराया। जापान की टीम ने भी लगातार चौथा मैच जीता।
पहले क्वार्टर में भारत ने दागे तीन गोल
बरखेड़ा नाथू स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। दीपिका ने मैच के 59वें सेकंड (00:59) में गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद उन्होंने छठे मिनट (05:59) और 13वें मिनट (13:09) में भी गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की।
ये भी पढ़ें: भोपाल में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का भव्य आगाज, भारत ने मलेशिया पर बनाई 4-1 की बढ़त
लालरेमसियामी और नेहा ने बढ़त को किया मजबूत
भारत की ओर से लालरेमसियामी ने 18वें मिनट (18:50) में गोल किया, जबकि नेहा ने 21वें मिनट (21:21) में गेंद को गोलपोस्ट तक पहुंचाया। इन गोलों की मदद से भारतीय टीम ने अपनी बढ़त 5-1 कर ली और चीन पर दबाव बनाए रखा।
तीसरे क्वार्टर में रानी साक्षी ने किया छठा गोल
तीसरे क्वार्टर में रानी साक्षी ने 37वें मिनट (37:28) में भारत की ओर से छठा गोल दागा। चीन की तरफ से फेंग किंगमियाओ ने 14वें मिनट में गोल किया था, जबकि चेन टोंग ने 33वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदला।
आखिरी क्वार्टर में चीन को गोल करने से रोका
भारतीय टीम ने आखिरी क्वार्टर में रक्षात्मक खेल पर ध्यान दिया और चीन को कोई गोल नहीं करने दिया। इस तरह भारत ने मुकाबला 6-2 से अपने नाम कर लिया। लगातार चौथी जीत के बाद टीम 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर बनी हुई है।
जापान ने मलेशिया को 3-1 से दी शिकस्त
दिन के दूसरे मुकाबले में जापान ने मलेशिया को 3-1 से हराया। जापान की ओर से मारुयामा निको ने 31वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि मुरायामा हिरोका ने 50वें और हिरामित्सु आइ ने 57वें मिनट में गोल कर टीम की बढ़त 3-0 कर दी। मलेशिया के लिए अजहेरी अजमायरा ने 50वें मिनट में गोल किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं।
कोरिया ने थाईलैंड को 1-0 से हराया
दिन के पहले मुकाबले में कोरिया ने थाईलैंड को 1-0 से शिकस्त दी। मैच का एकमात्र गोल कोरिया की पार्क सेउंगए (PARK Seungae) ने 25वें मिनट में किया। मुकाबले के चारों क्वार्टर में थाईलैंड की टीम गोल नहीं कर सकी। दोनों टीमों को कई पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन थाईलैंड उनका फायदा उठाकर गोल नहीं कर पाया और कोरिया ने अपनी बढ़त कायम रखते हुए मैच जीत लिया।




















