स्कूल के हॉस्टल में 13 साल के छात्र की मौत, रात को खाना खाकर सोया था; सुबह नहीं उठा
रीवा। संजय गांधी अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, छात्र के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं और उसे पहले से कोई गंभीर बीमारी भी नहीं थी। डॉक्टरों ने शुरुआती तौर पर कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रात को खाना खाकर सोया था छात्र, सुबह नहीं उठा
हॉस्टल केयरटेकर रावेंद्र सिंह के मुताबिक, सूर्यांश सोमवार रात डिनर करने के बाद करीब 9:30 बजे सोने चला गया था। सुबह 7 बजे तक जब वह नहीं उठा तो उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: बालाघाट में ढलान पर पलटा बोरवेल वाहन, एक मजदूर की मौत, नौ घायल; दो की हालत गंभीर
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
संजय गांधी अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, छात्र के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। उसे पहले से किसी गंभीर बीमारी की जानकारी भी सामने नहीं आई है। डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है, लेकिन मौत की असल वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगी।
पिता ने स्कूल प्रबंधन पर उठाए सवाल
मृतक छात्र के पिता विनोद गुप्ता ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सुबह 7:30 बजे फोन आया था कि बच्चे की तबीयत खराब है। उन्होंने प्रबंधन से उसे अच्छे निजी अस्पताल में ले जाने को कहा, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। अस्पताल पहुंचे तो बेटा मृत मिला। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
स्पोर्ट्स टीचर बच्चों को जगाने पहुंचे
हॉस्टल केयरटेकर के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे छात्र के नहीं उठने पर उसे अस्पताल ले जाया गया था। वहीं, थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि सुबह स्पोर्ट्स टीचर बच्चों को जगाने पहुंचे थे, तभी सूर्यांश के नहीं उठने की जानकारी सामने आई। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने दर्ज किए परिजनों और स्कूल प्रबंधन के बयान
चोरहटा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अस्पताल प्रबंधन, परिजनों और स्कूल प्रबंधन के बयान दर्ज कर रही है। थाना प्रभारी पवन शुक्ला के मुताबिक, मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।






















