इंदौर से रीवा जा रही फ्लाइट के हवा में 3 चक्कर, तीन बार नाकाम लैंडिंग! 40 से ज्यादा यात्रियों की अटकी सांसें, वाराणसी पहुंचकर लौटा विमान

इंदौर। इंदौर से रीवा जा रहे इंडिगो के विमान में शनिवार को उस समय यात्रियों की सांसें अटक गईं, जब रीवा एयरपोर्ट पर उतरने की पायलट की तीन कोशिशें नाकाम हो गईं। विमान काफी देर तक आसमान में चक्कर काटता रहा, लेकिन लैंडिंग के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं बन पाईं। आखिरकार पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को वाराणसी एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया। विमान में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे। अचानक बदले घटनाक्रम से यात्रियों में घबराहट का माहौल बन गया।खास बात यह रही कि वाराणसी पहुंचने के बाद विमान कुछ समय तक वहां रुका और फिर दोबारा रीवा के लिए रवाना हुआ। इसके बाद रीवा में विमान की सफल लैंडिंग कराई गई। सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
ये भी पढ़ें: वेलिंगटन टेस्ट में भारत का दबदबा, 720 रन बनाकर घोषित की पारी; राहुल-पंत के शतक से न्यूजीलैंड पर हार का खतरा
तीन बार कोशिश, फिर भी रनवे तक नहीं पहुंच सका विमान
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक, इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E-7171 रोजाना दोपहर 12:35 बजे इंदौर से रीवा के लिए रवाना होती है। यह विमान शाम 4:30 बजे वापस इंदौर पहुंचता है और शाम 5 बजे अहमदाबाद के लिए उड़ान भरता है।शनिवार को विमान अपने निर्धारित समय से करीब आधा घंटा देरी से दोपहर 1:05 बजे इंदौर से रवाना हुआ था। रीवा पहुंचने पर पायलट ने एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए तीन बार प्रयास किए, लेकिन हवा की दिशा, गति और दबाव में अनुकूल संतुलन नहीं होने के कारण विमान को उतारना संभव नहीं हो सका।करीब 35 मिनट तक विमान आसमान में चक्कर काटता रहा। लगातार तीन असफल प्रयासों के बाद पायलट ने जोखिम लेने के बजाय विमान को वाराणसी एयरपोर्ट डायवर्ट करने का फैसला किया। इस दौरान विमान में बैठे यात्री परेशान और चिंतित हो गए।
ये भी पढ़ें: भोपाल में मां ने दो बच्चों को जहर देकर खुद भी खाया, तीनों की मौत; आटा देने से मना करने पर पति से हुआ था विवाद
वाराणसी पहुंचा विमान, फिर दोबारा रीवा लौटकर की लैंडिंग
रीवा में लैंडिंग नहीं हो पाने के बाद विमान को वाराणसी ले जाया गया। वहां कुछ समय रुकने के बाद विमान ने फिर रीवा के लिए उड़ान भरी। इसके बाद रीवा एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई। इस घटनाक्रम के चलते यात्रियों को काफी अतिरिक्त समय हवा और एयरपोर्ट पर बिताना पड़ा।पायलट के निर्णय के कारण विमान को पहले डायवर्ट करना पड़ा और फिर दोबारा निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाया गया। सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत महसूस की।
ये भी पढ़ें: इजराइल में नई सरकार बनाने की कवायद तेज, अइसेनकोट ने नेतन्याहू की लिकुड पार्टी को बातचीत का न्योता दिया
इंदौर-अहमदाबाद उड़ान 3 घंटे 20 मिनट लेट, यात्रियों ने किया हंगामा
रीवा में लैंडिंग की समस्या और वाराणसी डायवर्जन का असर विमान के अगले शेड्यूल पर भी पड़ा। विमान को शाम 4:30 बजे इंदौर वापस पहुंचना था, लेकिन यह रात 7:32 बजे इंदौर पहुंचा। इसके बाद अहमदाबाद जाने वाली उड़ान भी निर्धारित समय से काफी देरी से रवाना हुई।अहमदाबाद जाने वाले यात्री दोपहर 3 बजे से ही एयरपोर्ट पहुंचने लगे थे। उन्हें उम्मीद थी कि शाम 5 बजे तक विमान उड़ान भर लेगा, लेकिन लगातार देरी के कारण यात्रियों का इंतजार बढ़ता गया। आखिरकार विमान रात 8:20 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना हुआ। इस तरह उड़ान करीब 3 घंटे 20 मिनट देरी से गई।
ये भी पढ़ें: इंदौर में सोमवार को चलेगा कृष्ण बाग में बुलडोजर! तबादला रोककर SDM को सौंपी बुलडोजर एक्शन की कमान!
नाराज यात्रियों को दिया रिफंड और रीबुकिंग का विकल्प
लंबे इंतजार से परेशान यात्रियों ने एयरपोर्ट पर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। यात्रियों का कहना था कि फ्लाइट में देरी के कारण उनका पूरा कार्यक्रम बिगड़ गया। स्थिति को संभालने के लिए एयरलाइंस के अधिकारियों ने यात्रियों से बातचीत की और उन्हें रिफंड तथा रीबुकिंग का विकल्प दिया।रीवा में मौसम और हवा की परिस्थितियों के कारण शुरू हुई परेशानी का असर इंदौर से अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों तक पहुंच गया। एक विमान की लैंडिंग में आई दिक्कत ने दिनभर का पूरा फ्लाइट शेड्यूल बिगाड़ दिया।




















