PlayBreaking News

चार राज्यों की पांच सीटों पर उपचुनाव के नतीजे घोषित; गुजरात की कडी से BJP, विसावदर से AAP, केरल में कांग्रेस, लुधियाना से AAP और बंगाल में TMC की जीत

Follow on Google News
चार राज्यों की पांच सीटों पर उपचुनाव के नतीजे घोषित; गुजरात की कडी से BJP, विसावदर से AAP, केरल में कांग्रेस, लुधियाना से AAP और बंगाल में TMC की जीत

19 जून को हुए चार राज्यों गुजरात, केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल की कुल पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। इस चुनावी मुकाबले में हर प्रमुख पार्टी को अलग-अलग राज्यों में सफलता मिली है। भाजपा ने गुजरात की कडी सीट पर कब्जा बरकरार रखा, तो वहीं आम आदमी पार्टी ने गुजरात के विसावदर और पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट पर जीत हासिल कर पार्टी की ताकत दिखाई। कांग्रेस को केरल की नीलांबुर सीट पर जीत मिली, जबकि पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने एकतरफा जीत दर्ज की।

गुजरात में भाजपा और AAP में बंटी जीत

गुजरात की कडी सीट पर भाजपा के राजेंद्र चावड़ा ने कांग्रेस के रमेश चावड़ा को बड़े अंतर से हराया। राजेंद्र को 99,709 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के रमेश को 60,290 वोट हासिल हुए। इस तरह भाजपा उम्मीदवार ने 39,452 वोटों से शानदार जीत दर्ज की।

दूसरी ओर, गुजरात की ही विसावदर सीट पर आम आदमी पार्टी के गोपाल इटालिया ने भाजपा के कीर्ति पटेल को शिकस्त दी। गोपाल को कुल 75,942 वोट मिले, जबकि भाजपा के कीर्ति पटेल को 58,388 वोट मिले। गोपाल ने 17,554 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर AAP के लिए गुजरात में नई उम्मीदें जगाईं।

पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट पर AAP की जीत

पंजाब की लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा था। अरोड़ा को 35,179 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के भारत भूषण आशु को 24,542 वोट मिले। इस तरह जीत का अंतर 10,637 रहा।

संजीव अरोड़ा के विधायक बनने के बाद उनके द्वारा राज्यसभा सीट छोड़ने की संभावना है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को पंजाब से राज्यसभा भेजा जा सकता है, क्योंकि दिल्ली की राजनीति में कानूनी चुनौतियों और बढ़ते दबाव के बीच पार्टी का यह एक रणनीतिक कदम हो सकता है।

केरल में कांग्रेस की वापसी

केरल की नीलांबुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार आर्यदन शौकत ने CPI(M) के एम स्वराज को मात दी। शौकत को 77,737 वोट, जबकि स्वराज को 66,660 वोट मिले। जीत का अंतर 11,077 वोटों का रहा। यह परिणाम कांग्रेस के लिए केरल में एक राहत की खबर है, जहां वर्तमान में वाम मोर्चा की सरकार है।

बंगाल में तृणमूल की प्रचंड जीत

पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर तृणमूल कांग्रेस की अलिफा अहमद ने भाजपा के आशीष घोष को भारी मतों से हराया। अलिफा को 1,02,759 वोट, जबकि भाजपा उम्मीदवार को 52,710 वोट मिले। जीत का अंतर 50,049 वोटों का रहा, जो TMC की पकड़ को एक बार फिर साबित करता है।

उपचुनाव वाले राज्यों में वर्तमान सरकारों की स्थिति

गुजरात में भाजपा की सरकार है और भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री हैं। विधानसभा में कुल 182 सीटें हैं, जिनमें भाजपा के पास 161 विधायक हैं, कांग्रेस के पास 12, AAP के पास चार विधायक हैं। समाजवादी पार्टी और निर्दलीय के पास एक-एक सीट है।

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सत्ता में है। कुल 294 सीटों वाली विधानसभा में TMC के पास 215 सीटें हैं, भाजपा के पास 77 सीटें हैं। कांग्रेस का यहां कोई प्रतिनिधित्व नहीं है।

पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में AAP के पास 117 में से 91 सीटें हैं, कांग्रेस के पास 18, अकाली दल के पास 3, भाजपा के पास 2, BSP के पास 1 और एक निर्दलीय विधायक है।

केरल में वाम मोर्चे की सरकार है और मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन हैं। 140 सदस्यीय विधानसभा में LDF के पास 98 सीटें हैं, जबकि विपक्षी मोर्चे UDF के पास 41 सीटें हैं।

Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts