2000 के नोट बदलने का आखिरी मौका आज : बैंकों में अभी 12 हजार करोड़ की करेंसी आना बाकी, जानिए नहीं बदल पाए तो क्या होगा

नई दिल्ली। 2000 रुपए के नोट को बैंक में जमा करने या इसे दूसरे नोट से बदलने का आज (7 अक्टूबर) आखिरी दिन है। आज के बाद 2 हजार रुपए का नोट महज कागज का टुकड़ा बन जाएगा। RBI गवर्नर शक्तिकांत दास के मुताबिक, 96% से ज्यादा 2000 रुपए के नोट बैंक में वापस आ गए हैं, जिनकी वैल्यू 3.43 लाख करोड़ है।
पहले 30 सितंबर थी डेडलाइन
आरबीआई की ओर से साल 2016 में हुई नोटबंदी के बाद 2000 रुपए के नोट जारी किए गए थे। जिसके बाद 19 मई 2023 को आरबीआई ने इन्हें वापस लेने का ऐलान कर दिया था। पहले 2000 रुपए के नोट बदलने की डेडलाइन 30 सितंबर थी, लेकिन रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने इस तिथि को बढ़ाकर 7 अक्टूबर 2023 कर दिया था। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने अपने नोटिफिकेशन में कहा था कि, बैंक 8 अक्टूबर से 2000 रुपए के नोट स्वीकार नहीं करेंगे।
96% गुलाबी नोट आ चुके हैं वापस
RBI गवर्नर शक्तिकांत दास ने बताया कि, 96% से ज्यादा 2000 रुपए के नोट बैंक में वापस आ गए हैं। 29 सितंबर तक 3 लाख 56 हजार करोड़ रुपए के नोटों में से 3 लाख 43 हजार करोड़ रूपए की करेंसी बैंकों में लौटी हैं। इसमें से 87% नोट को बैंक में जमा किया गया है। बाकी नोटों को दूसरे नोटों से एक्सचेंज किया गया है। उन्होंने कहा कि अभी लगभग 13 हजार करोड़ रुपए के 2000 के नोट चलन में हैं, जिनका आना अभी बाकी है।डेडलाइन खत्म होने के बाद भी बदल सकेंगे नोट
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा लोगों को लास्ट डेट खत्म होने के बाद बचे नोटों की वापसी के लिए भी सुविधा दी हुई है। बैंक में नोट जमा करने की डेडलाइन खत्म होने के बाद 2000 रुपए के नोट RBI के 19 इश्यू ऑफिस में नोट बदले या जमा किए जा सकेंगे। 7 अक्टूबर के बाद 2,000 रुपए के नोटों को RBI के 19 क्षेत्रीय कार्यालय से बदला जा सकेगा। एक बार में 20 हजार रुपए तक के 2000 के नोट बदले जा सकेंगे। वहीं अगर इन्हें बैंक अकाउंट में क्रेडिट करवाना है तो इश्यू ऑफिस के जरिए 2000 के कितने भी नोट जमा करवा सकते हैं।




















