राजगढ़ के सारंगपुर में नाले में बही वैन, 9 की मौत, डूबने वालों में 3 बच्चे भी

राजगढ़। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश के बीच सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। पचोर-सारंगपुर मार्ग पर पड़ाना कस्बे के पास झिरी नाले में 11 लोगों से भरी ईको वैन पानी के तेज बहाव में बह गई। हादसे में तीन बच्चों और दो महिलाओं समेत नौ लोगों की मौत हो गई। वैन में सवार दो युवकों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई।
अधूरे पुल पर पानी का अंदाजा नहीं लगा सका ड्राइवर
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण झिरी नाला उफान पर था। पानी अधूरे पुल के ऊपर से बह रहा था। इसी दौरान ईको वैन वहां से गुजर रही थी। पानी का बहाव इतना तेज था कि वाहन अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरा और देखते ही देखते बह गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सारंगपुर टीआई राहुल रघुवंशी के मुताबिक, ईको में सवार सभी लोग देवास के सतवास ब्लॉक के धांसड़ गांव के रहने वाले थे और कड़लावद गांव जा रहे थे। कार मुकेश सिंह (40) चला रहा था। टीआई ने बताया कि पढ़ाना के पास झिरी नाले पर 30 फीट का पुल निर्माणाधीन है। तेज बारिश की वजह से पानी पुल के ऊपर बह रहा है। ड्राइवर को अधूरा पुल नहीं दिखा। उसने कार आगे बढ़ा दी, जो नाले में बह गई। हादसे में बच निकले मुकेश और हुकुम सिंह (30) को सारंगपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुकेश ने बताया कि उसकी काकी को लकवा लगा है, जिन्हें इलाज के लिए हम लोग कड़लावाद धाम ले जा रहे थे।
हादसे में इनकी गई जान
- शंकर सिंह (50)
- सागरबाई पति शंकर सिंह
- रीनू (28) पति हुकुम सिंह
- राजवीर (3) पिता हुकुम सिंह
- जसप्रीत पिता हुकुम सिंह
- विशाल चौहान
- पूजा (27) पति विशाल चौहान
- रिशिका
- आनंद सिंह
मंत्री डॉ. टेटवाल ने किया घटनास्थल का दौरा
घटना की सूचना मिलते ही कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ग्राम पढ़ाना पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर शोक संवेदना जताई और सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने 4-4 लाख की सहायता के दिए निर्देश
हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पीड़ित परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर में पहली बाढ़ ने तोड़ा रपटा, रामगंज-मातापुरा मार्ग बंद; स्कूली बच्चों और श्रद्धालुओं की बढ़ी परेशानी
अधिकारी ने कहा- डायवर्जन के बोर्ड लगे हैं
इधर, लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर पीके शर्मा ने कहा कि सड़क पर निर्माण कार्य जारी है। वहां डायवर्जन के बोर्ड लगाए गए हैं। रास्ता पानी में डूबा था। ग्रामीणों ने कार ड्राइवर को रोका भी था। इसके बावजूद उसने गाड़ी आगे बढ़ा दी, जिसकी वजह से हादसा हुआ।












