राजस्थान के जैसलमेर में बड़ा हादसा :चलती बस में लगी आग, 10-12 लोगों की मौत की आशंका

चलती बस में लगी आग, 10-12 लोगों की मौत की आशंका
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    राजस्थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। जैसलमेर से जोधपुर जा रही बस में अचानक आग लग गई, जिसमें 10 से 12 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। मरने वालों में तीन बच्चे और चार महिलाएं शामिल होने की संभावना है। यह हादसा थैयत गांव के पास, जैसलमेर से करीब 20 किलोमीटर दूर दोपहर 3:30 बजे हुआ।

    बस के पिछले हिस्से से उठने लगा धुआं

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस दोपहर करीब 3 बजे जैसलमेर से 57 यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी। थैयत गांव पार करते ही बस के पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर किसी तरह बाहर निकले।

    Twitter Post

    गांववालों ने बचाव अभियान चलाया

    गांववालों और राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने आसपास के पानी और रेत की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। इस बीच दमकल और पुलिस टीम को सूचना दी गई। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

    बस पूरी तरह जलकर खाक

    नगर परिषद के असिस्टेंट फायर ऑफिसर पृथ्वीपाल सिंह राठौर ने बताया कि हमें सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड टीम 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। बस के अंदर करीब 10 से 12 लोग फंसे हुए थे।

    स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीन एम्बुलेंसों के जरिए घायलों को जवाहर अस्पताल, जैसलमेर ले जाया गया। गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को जोधपुर रेफर किया गया, जिनमें इमामत (30 वर्ष) और उनका बेटा भी शामिल हैं। पास के आर्मी बेस से जवान भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने व बचाव कार्य में सहयोग किया।

    हादसे का कारण अब तक स्पष्ट नहीं

    अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने का सही कारण अभी तक सामने नहीं आया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या इंजन के अधिक गर्म होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    Shivani Gupta
    By Shivani Gupta

    शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

    Latest Posts