Aakash Waghmare
18 Dec 2025
Shivani Gupta
18 Dec 2025
Aakash Waghmare
18 Dec 2025
Aakash Waghmare
18 Dec 2025
Shivani Gupta
18 Dec 2025
Manisha Dhanwani
18 Dec 2025
इंदौर/शिलांग। इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स जिले की अदालत ने राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी, उसके बॉयफ्रेंड राज कुशवाहा और तीन अन्य आरोपियों विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक साजिश के आरोप तय कर दिए हैं। अब मामले की ट्रायल प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है।
अदालत ने मंगलवार को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 103(1) (हत्या), 238(ए) (सबूत गायब करना) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत आरोप तय किए। सोहरा उप-मंडल के न्यायिक मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास कोर्ट ने कहा कि प्रथमदृष्टया पांचों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं, जिनके आधार पर मुकदमा चलाया जा सकता है। हालांकि, बचाव पक्ष ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि आरोपी निर्दोष हैं।
मेघालय पुलिस ने 5 सितंबर को अदालत में 790 पृष्ठों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें आरोप लगाया गया कि सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर राजा की हत्या की पूर्व-नियोजित साजिश रची थी। दोनों ने तीन भाड़े के हमलावरों- विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को इंदौर से साथ लाकर हनीमून ट्रिप के बहाने राजा की हत्या कराई।

राजा रघुवंशी की शादी 11 मई 2024 को सोनम से हुई थी। दोनों 21 मई को हनीमून मनाने मेघालय पहुंचे और सोहरा (चेरापूंजी) क्षेत्र घूमने गए। लेकिन 23 मई को राजा अचानक लापता हो गए। 10 दिन की खोजबीन के बाद 2 जून को पुलिस ने 30 फीट गहरी खाई से राजा का क्षत-विक्षत शव बरामद किया, जिस पर धारदार हथियारों से किए गए कई घाव मिले थे।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सोनम और राज कुशवाहा के प्रेम संबंध थे, और दोनों ने मिलकर राजा को मारने की योजना पहले ही बना ली थी। सोनम ने दर्शनीय स्थल दिखाने के बहाने राजा को एक सुदूर इलाके में बुलाया। वहीं दूसरी ओर, आकाश, आनंद और विशाल भी घटनास्थल के पीछे-पीछे पहुंचे। फिर सोनम की मौजूदगी में दो छुरों से राजा पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद सोनम मौके से भाग गई, और कुछ दिनों बाद उत्तर प्रदेश में आत्मसमर्पण कर दिया।
मेघालय पुलिस अब इस मामले में तीन और आरोपियों- सिलोम जेम्स, लोकेंद्र तोमर और बलबीर अहिरवार के खिलाफ दूसरी चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। इन तीनों पर हत्या के सबूत मिटाने और मदद करने का आरोप है।
मामले के सभी पांच मुख्य आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। इन्होंने अब तक पांच बार निचली अदालतों में जमानत की अर्जी लगाई, लेकिन हर बार कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज कर दी। अदालत का कहना है कि मामला गंभीर और सुनियोजित हत्या का है, इसलिए किसी भी आरोपी को फिलहाल राहत नहीं दी जा सकती।
राजा रघुवंशी हत्याकांड को लेकर मेघालय पुलिस ने विशेष अभियान दल (SOT), NDRF, SDRF, पर्वतारोही समूहों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से विशाल तलाशी अभियान चलाया था। अंततः एक सप्ताह के भीतर सभी पांचों मुख्य आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए। अब अदालत ने आरोप तय कर दिए हैं और आने वाले दिनों में ट्रायल की प्रक्रिया शुरू होगी।