रायसेन में महादेव को अर्पित की बड़ी राखी की माला, स्कूल में छात्राओं ने पौधों को भी बांधी राखी

रायसेन। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को रायसेन में धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकार का अनूठा संदेश देखने को मिला। किले की पहाड़ी पर स्थित प्राचीन सोमेश्वर धाम में श्रद्धालुओं ने बाबा सोमेश्वर महादेव को बड़ी राखी की माला अर्पित कर महाआरती की। वहीं दशहरा मैदान स्थित संदीपनी स्कूल में छात्राओं ने अनुपयोगी सामग्री से आकर्षक राखियां तैयार कर शिक्षकों, विद्यार्थियों के साथ-साथ स्कूल परिसर में लगे पौधों को भी राखी बांधी। सोमेश्वर धाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बाबा सोमेश्वर महादेव को बड़ी राखी की माला अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं महाआरती की गई। “हर-हर सोमेश्वर, घर-घर सोमेश्वर” अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजनकर्ताओं अंकित गुप्ता एवं शशिकांत जायसवाल ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर बाबा सोमेश्वर महादेव को राखी अर्पित करने की शुरुआत धार्मिक भावना के साथ की गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में इस परंपरा को और व्यापक रूप देने का प्रयास किया जाएगा।
आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
आयोजकों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य रायसेनवासियों को बाबा सोमेश्वर महादेव की महिमा, ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व से जोड़ना तथा युवा पीढ़ी में अपने आराध्य के प्रति आस्था और जुड़ाव बढ़ाना है। इस अवसर पर लोगों से सोमेश्वर धाम को तालों से मुक्त कर नियमित दर्शन की मांग को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से मजबूत करने की अपील भी की गई।
ये भी पढ़ें: रायसेन जेल में राखी का भावुक पर्व, बंदियों की कलाई पर सजा बहनों का प्यार; पौधे देकर दिया हरित संदेश
छात्राओं ने पौधों को बांधी राखी
दशहरा मैदान स्थित संदीपनी स्कूल में भी रक्षाबंधन का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया। प्राचार्य एलएन प्रधान एवं प्रधान अध्यापक सूर्य प्रकाश सक्सेना के मार्गदर्शन में छात्राओं ने अनुपयोगी सामग्री का रचनात्मक उपयोग करते हुए आकर्षक राखियां तैयार कीं। इन राखियों को विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक पहलू स्कूल परिसर में लगे पेड़-पौधों को राखी बांधना रहा। छात्राओं ने पौधों को राखी बांधकर उनके संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संकल्पात्मक संदेश दिया। इस पहल के माध्यम से बच्चों ने भाई-बहन के प्रेम की परंपरा को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया।
ये भी पढ़ें: बरसते मेघ, गूंजते वेदमंत्र, बेबस नदी तट पर पांच घंटे चला श्रावणी उपाकर्म का दिव्य अनुष्ठान




















