कटनी के मुड़वारा स्टेशन का होगा कायाकल्प: प्लेटफार्म 5 की ओर बनेगा नया प्रवेश द्वार और पार्किंग, WCR के जीएम ने लिया जायजा

कटनी। कटनी रेल खंड के यात्री सुविधाओं में विस्तार और मालगाड़ियों के सुगम परिचालन को गति देने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेल (WCR) जबलपुर जोन के महाप्रबंधक (जीएम) दिलीप कुमार सिंह ने कटनी और मुड़वारा क्षेत्र की रेल परियोजनाओं का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना (एबीएस) के दूसरे चरण के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की और निर्माण एजेंसी इरकॉन व रेल अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
मुड़वारा जंक्शन पर विकसित होगा नया प्रवेश द्वार और अंडरपास
निरीक्षण के क्रम में जीएम दिलीप कुमार सिंह शाम करीब 6:30 बजे मुड़वारा स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने प्लेटफार्म क्रमांक 1 के साथ-साथ प्लेटफार्म 4 और 5 का बारीकी से अवलोकन किया। इससे पहले स्टेशन परिसर के बाहर इंजीनियरिंग विभाग की टीम के साथ बैठकर उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के दूसरे चरण की ड्राइंग और ले-आउट का निरीक्षण किया।
प्रवेश और पार्किंग: योजना के तहत मुड़वारा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 5 की तरफ एक नया और सुविधायुक्त प्रवेश द्वार तैयार किया जाएगा, जहां यात्रियों के वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था भी रहेगी।
12 मीटर चौड़ा एफओबी और अंडरपास: यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण और प्लेटफार्म में अंडरपास बनाने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस अंडरपास के माध्यम से यात्री सीधे नए प्रवेश द्वार की ओर आ-जा सकेंगे।
ग्रेड सेपरेटर डाउन ट्रैक और परख यान से निरीक्षण
जीएम सिंह विशेष परख यान से कटनी स्टेशन पहुंचे थे। यहां से वे सीधे परख यान के जरिए मुड़वारा जंक्शन होते हुए न्यू मझगवां स्टेशन तक गए, जहां ग्रेड सेपरेटर की नई पटरी का मिलान कार्य किया गया है। ट्रैक की स्थिति देखने के बाद उन्होंने कटंगी खुर्द स्टेशन और पड़रिया क्षेत्र का भी दौरा किया। उन्होंने ग्रेड सेपरेटर के पूर्व दिशा के कार्यों और डाउन ट्रैक की प्रगति की समीक्षा करते हुए इरकॉन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि डाउन ट्रैक का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि मालगाड़ियों का संचालन बिना किसी रुकावट के सुगमता से हो सके।
ये भी पढ़ें: कटनी में 10,797 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल गायब, चार लोगों पर FIR
गायत्री नगर पुलिया मार्ग और प्री-पेड बूथ पर स्थिति स्पष्ट
मीडिया और स्थानीय अधिकारियों से चर्चा के दौरान जीएम सिंह ने कटनी रेलवे जंक्शन के आगामी विस्तार की योजनाओं की जानकारी भी दी। गायत्री नगर रेल पुलिया से एनकेजे (न्यू कटनी जंक्शन) जाने वाले मार्ग पर हो रही आवागमन की समस्या के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक कटनी ग्रेड सेपरेटर का निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न नहीं हो जाता, तब तक इस मार्ग पर सड़क निर्माण या अन्य यातायात व्यवस्थाओं से जुड़ा काम शुरू करना तकनीकी रूप से संभव नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कटनी मुख्य स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्री-पेड ऑटो/टैक्सी बूथ की सुविधा को भी जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण में यह अधिकारी रहे उपस्थित
महाप्रबंधक के इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान जबलपुर मंडल से मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कमल कुमार तलरेजा, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (पीसीसीएम) अरविन्द कुमार रजक, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक (पीसीओएम), वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) शशांक गुप्ता, मंडल परिचालन प्रबंधक (डीओएम) प्रिंस विक्रम सहित कटनी के स्थानीय इंजीनियरिंग और वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: सीएसपी नेहा पच्चीसिया सहित तीन आरोपी अब तक फरार, 3 महीने बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी एसआईटी; इनाम बढ़ाकर 30 हजार किया




















