हाथी कुंड में डूबने से बुजुर्ग की मौत, नहाते समय हुआ हादसा; 1 घंटे बाद निकाला गया शव

रायसेन। भोपाल के शाहजहानाबाद निवासी नोसाद खान शनिवार को अपने परिवार के साथ घूमने के लिए बर्रूखार गांव के पास स्थित हाथी कुंड पहुंचे थे। शाम करीब 5 बजे वे कुंड में नहाने के लिए उतरे, इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। घटना के बाद युवाओं ने करीब एक घंटे तक सर्चिंग अभियान चलाया और बुजुर्ग को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बचाने के लिए लोगों और युवाओं ने किए प्रयास
बताया जा रहा है कि नोसाद खान को तैरना आता था, लेकिन कुंड में पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण वे खुद को संभाल नहीं सके। उन्हें डूबता देखकर मौके पर मौजूद परिजनों और अन्य लोगों ने बचाने का प्रयास किया। कुंड में मौजूद कुछ युवकों ने भी उन्हें बाहर निकालने के लिए कई बार प्रयास किया और आसपास तलाश की, लेकिन तत्काल उनका पता नहीं चल सका।
नहाते समय हुआ हादसा
घटना के बाद युवाओं ने हिम्मत जुटाकर गहरे पानी में सर्चिंग अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे तक लगातार तलाश करने के बाद बुजुर्ग को पानी से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी इकट्ठे हो गए।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की और पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।





















