Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर: रेहटी में 28 करोड़ का सांदीपनि स्कूल जनता को समर्पित, शिवराज सिंह चौहान बोले-निजी स्कूलों से बेहतर बनें सरकारी विद्यालय

रेहटी में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 28 करोड़ के सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया। 6.55 करोड़ के आयुष अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाएं जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
सीहोर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रेहटी में सांदीपनि स्कूल का लोकार्पण किया।

सीहोर। ग्रामीण बच्चों के भविष्य को संवारने और क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के मुद्दे पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रेहटी में विकास का बड़ा संदेश दिया। 28 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण करते हुए उन्होंने सरकारी शिक्षा व्यवस्था को निजी स्कूलों से बेहतर बनाने का लक्ष्य सामने रखा। वहीं 6.55 करोड़ रुपये की लागत से बने 50 बिस्तरीय एकीकृत आयुष चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं को जल्द पूरी क्षमता से शुरू करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने नशे के खिलाफ भी सख्त सामाजिक संकल्प दिलाते हुए स्पष्ट कहा कि नशा नाश की जड़ है और रेहटी को नशामुक्त बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

28 करोड़ का विद्यालय, अब सरकारी शिक्षा की गुणवत्ता साबित करने की चुनौती

सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बड़े शहरों या महंगे निजी स्कूलों पर निर्भर नहीं रहना पड़े, यही उनकी परिकल्पना रही है। सरकारी विद्यालयों में ऐसी सुविधाएं विकसित होनी चाहिए, जहां पढ़ाई का स्तर निजी स्कूलों से भी बेहतर हो। उन्होंने शिक्षकों को दोटूक संदेश दिया कि केवल शानदार भवन बन जाने से शिक्षा का उद्देश्य पूरा नहीं होगा। असली सफलता तब होगी, जब यहां से निकलने वाले विद्यार्थी शिक्षा, खेल और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

Featured News

सीएम राइज की परिकल्पना से सांदीपनि विद्यालय तक, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने सीएम राइज स्कूलों की कल्पना इसी उद्देश्य से की थी कि आर्थिक स्थिति के कारण किसी बच्चे की प्रतिभा पीछे न रह जाए। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में इन्हें सांदीपनि विद्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन विद्यालयों में आधुनिक प्रयोगशालाएं, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास रूम, खेल मैदान और संगीत-नृत्य जैसी गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। उनकी मंशा है कि आसपास के गांवों के बच्चे भी स्कूल बसों से यहां पहुंचें और आधुनिक संसाधनों के बीच शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार करें।

ये भी पढ़ें: सीहोर में अलमारी से 1.54 लाख के सोने के गहने चोरी, 5 महीने बाद खुलासा; नाबालिग से मंगलसूत्र और झुमकी बरामद

नशे के खिलाफ सख्त संदेश, बोले- रेहटी को नशामुक्त बनाना हमारा संकल्प

विद्यार्थियों से संवाद के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने नशे को समाज और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए बच्चों को इससे दूर रहने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नशा नाश की जड़ है। केवल स्वयं नशे से दूर रहना पर्याप्त नहीं, बल्कि परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणाम समझाने होंगे। बेटियों के सम्मान, अच्छी शिक्षा और मेहनत को जीवन का आधार बनाने की सीख देते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से गलत रास्तों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही उनके लिए भगवान की पूजा है और दूसरों का भला करने से बड़ा कोई धर्म नहीं।

6.55 करोड़ का आयुष अस्पताल, ओपीडी शुरू

इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने रेहटी में 6.55 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 50 बिस्तरीय एकीकृत आयुष चिकित्सालय का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अस्पताल बनाया गया है। यहां ओपीडी प्रारंभ की जा रही है, जिसमें मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ दवाइयां भी उपलब्ध होंगी।

ये भी पढ़ें: 5 लाख खर्च के बाद भी नहीं बची 21 साल की अंकिता की जान, एक ही परिवार के 3 सदस्य डेंगू पॉजिटिव

अस्पताल में स्टाफ और सुविधाओं की कमी जल्द होगी दूर

शिवराज सिंह चौहान ने संबंधित मंत्री और अधिकारियों से चर्चा कर अस्पताल में आवश्यक पदों की स्वीकृति, चिकित्सकीय स्टाफ की व्यवस्था और शेष सुविधाएं शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रसव कक्ष, आपातकालीन चिकित्सा और 50 बिस्तरों की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि इतने बड़े भवन का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब आम जनता को यहां बेहतर उपचार मिल सके। उन्होंने अस्पताल का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर भी जोर दिया, ताकि आसपास के गांवों के लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts