'मितवा' फेम सिंगर शफकत अमानत अली को हुआ ब्लड कैंसर, एक साल तक चली कीमोथेरेपी; अब स्टेज पर की वापसी

बॉलीवुड में 'मितवा', 'तेरे नैना' और 'दिलदारा' जैसे लोकप्रिय गानों को अपनी आवाज देने वाले पाकिस्तानी सिंगर शफकत अमानत अली ने अपनी गंभीर बीमारी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि वह पिछले एक साल से मल्टीपल मायलोमा नाम के ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। इस दौरान उन्हें कीमोथेरेपी से गुजरना पड़ा और लंबे समय तक संगीत कार्यक्रमों से भी दूर रहना पड़ा। हालांकि इलाज के बाद अब उन्होंने एक बार फिर स्टेज पर वापसी कर ली है। शफकत अमानत अली ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी बीमारी और उससे जुड़े संघर्ष के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि कैंसर का पता चलने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई थी। यह खबर उनके साथ परिवार और दोस्तों के लिए भी किसी बड़े सदमे से कम नहीं थी।
एक साल तक कैंसर से जूझते रहे शफकत अमानत अली
सिंगर ने बताया कि उन्हें मल्टीपल मायलोमा नाम की गंभीर बीमारी हुई थी, जो एक प्रकार का ब्लड कैंसर है। बीमारी का पता चलने के बाद उन्होंने इलाज शुरू कराया और करीब एक साल तक कीमोथेरेपी ली। इस दौरान उन्हें लंबे समय तक आराम करना पड़ा और वह संगीत कार्यक्रमों से दूर रहे। उन्होंने इस पूरे दौर को अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल समय में से एक बताया। शफकत ने कहा, 'मुझे मल्टीपल मायलोमा था। यह बहुत गंभीर स्थिति थी। शुक्र है कि मुझे सही समय पर इसके लक्षणों का पता चल गया। इलाज में करीब एक साल लग गया और इस दौरान मुझे बेड रेस्ट करना पड़ा।'
शुरुआत में दोस्तों से छिपाकर रखी बीमारी
शफकत अमानत अली ने बताया कि जब उन्हें कैंसर होने की जानकारी मिली, तो शुरुआत में उन्होंने अपने कुछ दोस्तों को इसके बारे में नहीं बताया। उनका पूरा ध्यान बीमारी का सही इलाज कराने पर था। वह पहले अपनी सेहत को लेकर जरूरी फैसले लेना चाहते थे। इस दौरान परिवार और करीबी लोगों ने उनका साथ दिया। सेलिब्रिटी पैपराजी विरल भयानी ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर सिंगर की बीमारी और उनके संघर्ष की जानकारी दी है।
कीमोथेरेपी के बाद लाहौर में किया पहला शो
लंबे इलाज और आराम के बाद शफकत अमानत अली ने एक बार फिर संगीत की दुनिया में वापसी की है। उन्होंने बताया कि कीमोथेरेपी पूरी होने के बाद उन्होंने पाकिस्तान के लाहौर में अपना पहला संगीत कार्यक्रम किया। लंबे समय तक स्टेज से दूर रहने के कारण यह उनके लिए आसान नहीं था। शफकत ने कहा कि 'कीमोथेरेपी खत्म होते ही मैंने लाहौर में एक शो किया। यह मुश्किल था, लेकिन हमने इसे पूरा कर लिया। तब से मैं लगातार परफॉर्म कर रहा हूं।' सिंगर के मुताबिक बीमारी से उबरने के बाद दोबारा दर्शकों के सामने प्रस्तुति देना उनके लिए एक महत्वपूर्ण अनुभव रहा।
'मितवा' गाने से बॉलीवुड में मिली थी पहचान
शफकत अमानत अली का संबंध प्रसिद्ध पटियाला घराने से है। उन्होंने पाकिस्तान के साथ भारतीय संगीत जगत में भी अपनी अलग पहचान बनाई है।उनकी गायकी को शुरुआती दौर में 'खमाज' जैसे गीतों से लोकप्रियता मिली। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा। साल 2006 में रिलीज हुई शाहरुख खान की फिल्म 'कभी अलविदा ना कहना' के गाने 'मितवा' से उन्होंने बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की। यह गाना काफी लोकप्रिय हुआ और भारतीय दर्शकों के बीच उनकी पहचान मजबूत हुई। इसके बाद उन्होंने 'तेरे नैना', 'बिन तेरे', 'दिलदारा' और 'तेरी झुकी नजर' जैसे कई चर्चित गानों को अपनी आवाज दी।




















