Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छुट्टी पर घर आए BSF जवान की सड़क हादसे में मौत, मां, पत्नी और मासूम बच्चे को छोड़ गए पीछे

सिवनी के लखनादौन में अज्ञात वाहन की टक्कर से BSF जवान रविंद्र सिंह पंद्रे की मौत हो गई। वे पंजाब में पदस्थ थे और छुट्टियों में गांव आए थे।
छुट्टी पर घर आए BSF जवान की सड़क हादसे में मौत, मां, पत्नी और मासूम बच्चे को छोड़ गए पीछे

लखनादौन। सिवनी जिले के लखनादौन क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान रविंद्र सिंह पंद्रे की मौत हो गई। जवान पंजाब में पदस्थ थे और इन दिनों छुट्टियां बिताने अपने गृह ग्राम आए हुए थे।

जानकारी के अनुसार, ग्राम हनौतिया के समीप महुआ टोला निवासी रविंद्र सिंह पंद्रे बीती रात खापा मोड़ के पास से गुजर रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल जवान को तत्काल उपचार के लिए लखनादौन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण और उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ दिन पहले उनके आने से खुशियों का माहौल था, वहां अचानक मातम छा गया। रविंद्र सिंह पंद्रे देश की सुरक्षा में अपनी सेवाएं दे रहे थे और छुट्टियों के दौरान परिवार के साथ समय बिताने के लिए गांव आए थे, लेकिन सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने भी जवान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

 सागर में नर्मदा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हादसा, ट्रॉली पलटने से 3 की मौत

इकलौती संतान थे रविंद्र सिंह

इस हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि रविंद्र सिंह पंद्रे अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले ही उनके पिता का निधन हुआ था। अब इस दुर्घटना में बेटे को खोने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में उनकी मां, पत्नी और एक छोटा बच्चा है।

जवान की असमय मौत ने परिवार के भविष्य को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मां ने अपना इकलौता बेटा खो दिया, वहीं पत्नी के सिर से जीवनसाथी का साथ छिन गया और मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया।

घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी और स्थानीय लोग लखनादौन अस्पताल पहुंचे। सभी ने दिवंगत जवान को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान जवान की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से अस्पताल परिसर में पौधरोपण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने जवान के देशसेवा के योगदान को याद करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इंडोनेशिया की कैंडी फैक्ट्री में लगी भीषण आग! 3 की मौत, 36 कर्मचारी लापता

पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी

सड़क हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है, ताकि हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों के बीच भी इस घटना को लेकर आक्रोश और दुख का माहौल है।

लोगों का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। देश की सुरक्षा में तैनात जवान का इस तरह सड़क हादसे में असमय दुनिया से चले जाना पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

रविंद्र सिंह पंद्रे की मौत से उनके परिवार के साथ-साथ गांव के लोगों ने भी अपना एक प्रिय सदस्य खो दिया है। फिलहाल सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं और परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद है।

Thakur Singh
By Thakur Singh

ठाकुर बालमुकुंद सिंह वर्ष 2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। उन्होंने रानी...

Latest Posts