204 किलो एनालॉग पनीर जब्त; सीहोर की डेयरी में गंदगी के बीच चल रहा था निर्माण, खाद्य विभाग की टीम ने रुकवाया कारोबार

सीहोर। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पचामा स्थित रूद्रांश डेयरी इंडस्ट्री का औचक निरीक्षण किया। यहां अस्वच्छ परिस्थितियों में एनालॉग पनीर का निर्माण होता मिला। टीम ने तत्काल उत्पादन और सप्लाई रुकवाते हुए 204 किलो एनालॉग पनीर जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 40,800 रुपए बताई गई है।
अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार हो रहा था पनीर
निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में पनीर निर्माण की व्यवस्था को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार निर्माण स्थल की फर्श उखड़ी हुई थी, जबकि दीवारें भी गंदी मिलीं। ऐसे वातावरण में खाद्य पदार्थ तैयार किए जाने को लेकर टीम ने मौके पर ही कार्रवाई की और निर्माण प्रक्रिया को रुकवा दिया।
करीब 40,800 रुपए का पनीर जब्त
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फैक्ट्री में तैयार किया जा रहा 204 किलो एनालॉग पनीर अपने कब्जे में लिया। जब्त पनीर की अनुमानित कीमत 40,800 रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान टीम ने यह सुनिश्चित किया कि संबंधित उत्पाद की आगे बिक्री या सप्लाई न हो सके।
सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा
मौके से एनालॉग पनीर का नमूना भी लिया गया, जिसे खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
एनालॉग पनीर पर प्रदेशभर में प्रतिबंध
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के आदेश के अनुसार प्रदेश में एनालॉग पनीर के निर्माण, संग्रहण और विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद यदि कहीं इसका निर्माण या बिक्री पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: हरदा में युवती को जॉब दिलाने का झांसा देकर अपहरण और दुष्कर्म किया, पुलिस को चकमा दे रहा आरोेपी दिल्ली से पकड़ाया
दूध-दुग्ध उत्पादों पर प्रशासन की पैनी नजर
कलेक्टर के निर्देश पर जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत दुकानों, डेयरियों और फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। विभाग की टीम बाजार में बिकने वाले दूध, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता पर निगरानी रख रही है।
खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी एडलीन पन्ना और दीपाली कांगे सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा की गई। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन का संदेश साफ है कि आम लोगों की थाली तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: NRS अस्पताल के शौचालय में मिली नर्स की लाश, नाइट ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा; जांच में जुटी पुलिस












