PUC सर्टिफिकेट के नियम बदले, अब नई BS-VI गाड़ियों को 3 साल तक की राहत

केंद्र सरकार ने PUC सर्टिफिकेट वैधता अवधि से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। अब वाहन मालिकों को अपनी गाड़ी की उम्र, भारत स्टेज (BS) उत्सर्जन मानक और निजी या व्यावसायिक इस्तेमाल के आधार पर प्रदूषण प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराना होगा। नए नियमों के तहत 6 साल तक पुरानी BS-VI निजी गाड़ियों का PUC सर्टिफिकेट तीन साल तक वैध रहेगा जबकि इसी श्रेणी के व्यावसायिक वाहनों को दो साल की वैधता मिलेगी। हालांकि पुराने वाहनों के लिए प्रमाणपत्र की अवधि कम रखी गई है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय मोटर वाहन (16वां संशोधन) नियम, 2026 के तहत यह बदलाव किया है। जानकारी के अनुसार नियमों को 13 नवंबर को अधिसूचित किया गया था और राजपत्र में प्रकाशन के साथ लागू किया गया है।
नई BS-VI गाड़ियों को बार-बार नहीं करानी होगी प्रदूषण जांच
सरकार के इस फैसले से अपेक्षाकृत नई BS-VI गाड़ियों के मालिकों को राहत मिलेगी। अब उन्हें हर 6 महीने या साल में PUC सर्टिफिकेट का नवीनीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी। नए नियमों के मुताबिक छह साल तक पुरानी BS-VI निजी गाड़ियों के लिए प्रदूषण प्रमाणपत्र की वैधता तीन साल तय की गई है। हालांकि वाहन की उम्र बढ़ने के साथ प्रमाणपत्र की वैधता कम होती जाएगी। छह साल से अधिक और दस साल तक पुराने BS-VI निजी वाहनों के लिए प्रमाणपत्र एक साल तक वैध रहेगा। वहीं दस साल से अधिक पुराने वाहनों को हर छह महीने में प्रदूषण जांच करानी होगी।
BS-VI निजी वाहनों के लिए नए नियम
|
वाहन की उम्र |
PUC सर्टिफिकेट की वैधता |
|---|---|
|
6 साल तक पुराने वाहन |
3 साल |
|
6 साल से अधिक और 10 साल तक |
1 साल |
|
10 साल से अधिक पुराने वाहन |
6 महीने |
इस व्यवस्था में वाहन की उम्र महत्वपूर्ण होगी। यानी एक ही BS-VI उत्सर्जन मानक वाली दो गाड़ियों के प्रमाणपत्र की वैधता अलग-अलग हो सकती है।
कमर्शियल वाहनों के लिए दो साल तक की वैधता
सरकार ने BS-VI मानक वाले परिवहन और व्यावसायिक वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था लागू की है। नए नियमों के अनुसार 6 साल तक पुराने BS-VI कमर्शियल वाहनों का PUC सर्टिफिकेट दो साल तक वैध रहेगा। इससे अधिक पुराने वाहनों को कम समय में प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराना होगा। 6 साल से अधिक और दस साल तक पुराने व्यावसायिक वाहनों के लिए प्रमाणपत्र की अवधि एक साल रखी गई है। वहीं दस साल से अधिक पुराने वाहनों को हर छह महीने में प्रदूषण जांच करानी होगी।
BS-VI कमर्शियल वाहनों के लिए नए नियम
|
वाहन की उम्र |
PUC सर्टिफिकेट की वैधता |
|---|---|
|
6 साल तक पुराने वाहन |
2 साल |
|
6 साल से अधिक और 10 साल तक |
1 साल |
|
10 साल से अधिक पुराने वाहन |
6 महीने |
इस तरह निजी और व्यावसायिक वाहनों के लिए शुरुआती वर्षों में अलग-अलग वैधता अवधि निर्धारित की गई है। हालांकि छह साल से अधिक पुराने BS-VI वाहनों के लिए दोनों श्रेणियों में समान समयसीमा रखी गई है।
BS-I से BS-IV वाहनों के लिए क्या बदला?
नए नियमों में पुराने उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों को लंबी अवधि की छूट नहीं दी गई है। BS-I, BS-II और BS-III मानकों वाले वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैधता तीन महीने रखी गई है। वहीं BS-IV मानक वाले वाहनों के लिए प्रमाणपत्र 6 महीने तक वैध रहेगा।
|
वाहन का उत्सर्जन मानक |
PUC की वैधता |
|---|---|
|
BS-I |
3 महीने |
|
BS-II |
3 महीने |
|
BS-III |
3 महीने |
|
BS-IV |
6 महीने |
इसका मतलब है कि पुराने उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों के मालिकों को पहले की तरह कम अंतराल पर प्रदूषण प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराना होगा।
दिल्ली में पेट्रोल पंप पर मिलेगा झटका! 1 नवंबर से PUC नहीं तो कटेगा 10 हजार का चालान
PUC खत्म होने से 10 दिन पहले रिन्यू कराया तो क्या होगा?
सरकार ने प्रमाणपत्र के नवीनीकरण की तारीख को लेकर भी नियम स्पष्ट किए हैं। यदि कोई वाहन मालिक मौजूदा PUC सर्टिफिकेट की वैधता समाप्त होने से पहले के अंतिम 10 दिनों में नवीनीकरण कराता है, तो नए प्रमाणपत्र की वैधता पुराने प्रमाणपत्र की समाप्ति की तारीख से शुरू होगी।
पहले से बने PUC सर्टिफिकेट का क्या होगा?
जिन वाहन मालिकों ने नए नियम लागू होने से पहले PUC सर्टिफिकेट बनवा लिया है, उन्हें तत्काल नया प्रमाणपत्र बनवाने की जरूरत नहीं होगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि पहले से जारी प्रमाणपत्रों की वैधता अपने आप नहीं बदलेगी। ऐसे प्रमाणपत्रों पर संशोधित समयसीमा नए नियम लागू होने के बाद पहली बार नवीनीकरण कराने पर लागू होगी। इसलिए वाहन मालिकों को अपने मौजूदा PUC सर्टिफिकेट पर दर्ज समाप्ति की तारीख का ध्यान रखना होगा।
पुरानी कार बेचने जा रहे हैं? इन जरूरी बातों का रखें ध्यान, मिलेगा सही दाम; जानें पूरी प्रक्रिया
वाहन की उम्र के हिसाब से करानी होगी प्रदूषण जांच
केंद्रीय मोटर वाहन (16वां संशोधन) नियम, 2026 के तहत किए गए बदलाव का उद्देश्य वाहनों की उम्र और उत्सर्जन मानकों के आधार पर प्रदूषण प्रमाणपत्र की वैधता निर्धारित करना है। इस व्यवस्था से अपेक्षाकृत नए BS-VI वाहनों को लंबी वैधता अवधि का लाभ मिलेगा। वहीं पुराने वाहनों के लिए कम अंतराल पर प्रदूषण जांच की व्यवस्था जारी रहेगी।




















