बांग्लादेश में हिंसा-आगजनी से तनाव! शेख हसीना की पार्टी के लॉकडाउन से पहले कई जगह बम धमाके, यूनुस के पैतृक घर में लगाई आग

पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग के देशव्यापी लॉकडाउन के आह्वान से पहले बांग्लादेश में तनाव बढ़ गया है। राजधानी ढाका समेत कई इलाकों में देसी बम धमाकों, वाहनों में आगजनी और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच झड़पों की खबरें सामने आई हैं। चटगांव में अंतरिम सरकार के पूर्व प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में भी आग लगाए जाने की घटना हुई है। हालात को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
28 जिलों में बम धमाकों और आगजनी की खबरें
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले कई दिनों से बांग्लादेश के अलग-अलग हिस्सों में हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। ढाका के अलावा सिलहट, राजशाही, बारीसाल और फरीदपुर में भी आगजनी की घटनाएं हुई हैं। नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस द्वारा स्थापित ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं को निशाना बनाए जाने की खबर है। रॉयटर्स के मुताबिक, 10 नवंबर से अब तक ग्रामीण बैंक के 37 कार्यालयों या शाखाओं पर आगजनी और हमले की घटनाएं हुई हैं।
ढाका में अवामी लीग के नेताओं के घरों पर हमले और आगजनी की भी खबरें हैं। वहीं, नराइल जिले में राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प में सत्तारूढ़ दल के दो स्थानीय नेताओं की मौत हुई है। फरीदपुर और पिरोजपुर में भी मौतों की खबर सामने आई है। हालांकि, अलग-अलग घटनाओं में हताहतों की संख्या और जिम्मेदार लोगों को लेकर जांच जारी है।
शेख हसीना की दिसंबर में होगी वापसी? भारत ने बांग्लादेश के सामने रखीं दो शर्तें
शेख हसीना की वापसी के ऐलान के बाद बढ़ा तनाव
अवामी लीग ने 19 नवंबर को देशव्यापी लॉकडाउन का आह्वान किया था। यह कार्यक्रम शेख हसीना को पिछले साल विशेष न्यायाधिकरण द्वारा उनकी गैरमौजूदगी में सुनाई गई मौत की सजा की बरसी के आसपास आयोजित विरोध प्रदर्शनों का हिस्सा है। शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से बेदखल होने के बाद से भारत में रह रही हैं। उन्होंने इस महीने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई थी। इसके लिए उन्होंने नए पासपोर्ट और पहचान पत्र की मांग की थी, लेकिन सरकार ने उनकी मांग स्वीकार नहीं की। इसके बाद अवामी लीग के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन तेज कर दिए।

प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग पर लगाए आरोप
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बुधवार को अवामी लीग को आतंकवादी संगठन और पराजित फासीवादी ताकत बताते हुए लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने संसद में 2024 के आंदोलन का जिक्र करते हुए लोगों से फिर एकजुट होकर ऐसी ताकतों का मुकाबला करने का आह्वान किया। 'द डेली स्टार' की रिपोर्ट के मुताबिक, रहमान ने सांसदों से केवल सरकारी मशीनरी पर निर्भर रहने के बजाय सड़कों पर उतरकर सक्रिय भूमिका निभाने की अपील भी की।
शेख हसीना को भारत से वापस लाने पर अड़ा बांग्लादेश, कानून मंत्री बोले- भारत से वापस लाने के लिए..
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पूर्व शिक्षा मंत्री गिरफ्तार
हिंसा की आशंका को देखते हुए बांग्लादेश के संवेदनशील जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के जवानों को तैनात किया गया है। रॉयटर्स के मुताबिक, सात जिलों में BGB की 97 प्लाटून तैनात की गई हैं। पुलिस ने ढाका में 24 घंटे के अभियान के दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री नुरुल इस्लाम नाहिद समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया है। गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। पुलिस का कहना है कि हिंसा और आगजनी से जुड़ी घटनाओं की जांच की जा रही है।
2024 के आंदोलन के बाद बदले बांग्लादेश के राजनीतिक हालात
अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनी। बाद में अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया। अब शेख हसीना की संभावित वापसी और पार्टी के विरोध प्रदर्शनों के बीच देश में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है।




















