महेश बाबू की 'वाराणसी' के लिए करना होगा इंतजार, मेकर्स ने बताया कितना काम बचा है बाकी

एसएस राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' को लेकर फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे बड़े सितारों से सजी इस फिल्म को लेकर अब एक नया अपडेट सामने आया है। मेकर्स ने बताया है कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी दर्शकों को इसके लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। दरअसल, फिल्म का पोस्ट-प्रोडक्शन, कंप्यूटर ग्राफिक्स (CG) और बैकग्राउंड म्यूजिक तैयार करने का काम चल रहा है। वहीं, फिल्म की डबिंग अभी शुरू नहीं हुई है।
शूटिंग पूरी, अब इन कामों में जुटे मेकर्स
फिल्म की मौजूदा स्थिति को लेकर एक फैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म के आधिकारिक अकाउंट से सवाल पूछा था। फैन जानना चाहता था कि आखिर फिल्म का कितना काम पूरा हो चुका है। इसके जवाब में मेकर्स ने बताया कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो गई है। फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन, सीजी और री-रिकॉर्डिंग का काम चल रहा है। अभी डबिंग शुरू होना बाकी है। मेकर्स ने मजेदार अंदाज में यह भी कहा कि अगर फैंस इसे अपडेट मानते हैं तो यह अपडेट है, वरना बड़े धमाके के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।
जनवरी तक पूरा हो सकता है पोस्ट-प्रोडक्शन
इससे पहले फिल्म के निर्माता एसएस कार्तिकेय ने सितंबर में न्यूज एजेंसी IANS को दिए इंटरव्यू में फिल्म के काम को लेकर जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि पोस्ट-प्रोडक्शन का काम तेजी से चल रहा है। उम्मीद है कि यह काम अगले साल जनवरी तक पूरा हो जाएगा। फिल्म का निर्देशन एसएस राजामौली कर रहे हैं। इसमें महेश बाबू मुख्य भूमिका में हैं, जबकि प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। फिल्म का संगीत एमएम कीरवानी ने तैयार किया है। इसका निर्माण श्री दुर्गा आर्ट्स और शोइंग बिजनेस के बैनर तले किया जा रहा है।
रुद्र के किरदार में दिखेंगे महेश बाबू
फिल्म के टाइटल टीजर लॉन्च के दौरान एसएस राजामौली ने महेश बाबू के किरदार रुद्र के बारे में भी दिलचस्प बातें बताई थीं। उन्होंने कहा था कि रुद्र का जन्म एक बड़े मकसद को पूरा करने के लिए हुआ है। उसकी किस्मत में कुछ ऐसा लिखा है, जिसे उसने खुद नहीं चुना। राजामौली के मुताबिक, रुद्र का किरदार सिर्फ निडर ही नहीं, बल्कि मजाकिया और भावुक भी है। महेश बाबू ने इन सभी खूबियों को अपने किरदार में उतारा है। निर्देशक ने कहा कि किसी किरदार को सिर्फ बहादुर दिखाना आसान है, लेकिन उसे एक साथ निडर और भावुक दिखाना हर कलाकार के लिए आसान नहीं होता।
ये भी पढ़ें: परिणीति चोपड़ा हुईं फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' की दीवानी, बोलीं- 'हर सीन भव्य, देश के लिए गर्व का पल'
अफ्रीका में हुई फिल्म की शूटिंग
'वाराणसी' की शूटिंग के दौरान टीम अफ्रीका भी पहुंची थी। राजामौली ने बताया था कि फिल्म का अफ्रीका शेड्यूल किलिमंजारो और मसाई मारा के आसपास शूट किया गया। वहां के खूबसूरत नजारों ने निर्देशक को काफी प्रभावित किया। मेकर्स फिल्म के कुछ किरदारों की झलक पहले ही दिखा चुके हैं। प्रियंका चोपड़ा फिल्म में मंदाकिनी के किरदार में नजर आएंगी, जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन खलनायक कुंभा की भूमिका निभा रहे हैं। इन किरदारों के लुक सामने आने के बाद से ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
कब रिलीज होगी 'वाराणसी'?
महेश बाबू की यह फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में 7 अप्रैल 2027 को रिलीज होने वाली है। फिलहाल मेकर्स फिल्म के बचे हुए काम को पूरा करने में जुटे हैं। शूटिंग पूरी होने के बाद अब फैंस को इसके ट्रेलर और बाकी झलकियों का इंतजार है।




















