अक्टूबर में थोक महंगाई ने बढ़ाई चिंता, 12.29% पर पहुंची दर; ईंधन और बिजली की कीमतों में सबसे ज्यादा उछाल

देश में महंगाई का दबाव लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। अक्टूबर 2026 में थोक महंगाई दर (WPI) बढ़कर 12.29 फीसदी पर पहुंच गई जबकि सितंबर में यह 11.39 फीसदी थी। यानी एक महीने के भीतर थोक कीमतों में महंगाई का स्तर 0.90 प्रतिशत अंक बढ़ गया। इस बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह ईंधन और बिजली की कीमतों में आया तेज उछाल रहा। हालांकि, खाद्य वस्तुओं की महंगाई में मामूली राहत देखने को मिली है लेकिन कुल थोक महंगाई का आंकड़ा चिंता बढ़ाने वाला है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर में थोक मूल्य सूचकांक (WPI) बढ़कर 113.3 हो गया जबकि सितंबर में यह 112.5 था। इस सूचकांक का आधार वर्ष 2022-23 है। आंकड़ों से साफ है कि ईंधन और ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी ने थोक महंगाई को ऊपर ले जाने में अहम भूमिका निभाई।
ईंधन और बिजली की महंगाई में बड़ा उछाल
अक्टूबर में ईंधन और बिजली श्रेणी की महंगाई दर बढ़कर 32.84 फीसदी हो गई, जबकि सितंबर में यह 25.85 फीसदी थी। इस श्रेणी का थोक मूल्य सूचकांक भी सितंबर के 110.5 से बढ़कर अक्टूबर में 115.7 पर पहुंच गया। खनिज तेल, कच्चे पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और बिजली की कीमतों में बढ़ोतरी को इसकी प्रमुख वजह बताया गया है। ईंधन और बिजली की कीमतों में इस तेजी का असर उत्पादन और परिवहन लागत पर भी पड़ सकता है। ऐसे में आने वाले समय में इसका असर अन्य वस्तुओं की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।
प्राथमिक वस्तुओं की महंगाई भी बढ़ी
प्राथमिक वस्तुओं की महंगाई दर में भी अक्टूबर के दौरान बढ़ोतरी दर्ज की गई। सितंबर में यह 8.67 फीसदी थी, जो अक्टूबर में बढ़कर 9.24 फीसदी हो गई। इस श्रेणी में मुख्य रूप से कच्चे माल और प्राथमिक स्तर की वस्तुओं को शामिल किया जाता है। दूसरी ओर विनिर्मित उत्पादों की महंगाई दर में मामूली कमी आई है। सितंबर में यह 9.76 फीसदी थी, जो अक्टूबर में घटकर 9.54 फीसदी रह गई। हालांकि, इसमें आई गिरावट का असर कुल थोक महंगाई को कम करने के लिए पर्याप्त नहीं रहा।
खाद्य महंगाई में मामूली राहत
खाने-पीने की चीजों की महंगाई के मोर्चे पर अक्टूबर में थोड़ी राहत जरूर मिली है। WPI फूड इंडेक्स के मुताबिक, खाद्य महंगाई दर सितंबर के 8.66 फीसदी से घटकर अक्टूबर में 8.58 फीसदी रह गई। इस सूचकांक में प्राथमिक श्रेणी की खाद्य वस्तुओं के साथ विनिर्मित खाद्य उत्पाद भी शामिल होते हैं। हालांकि खाद्य महंगाई अभी भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई है। इसके अलावा खाद्य वस्तुओं, गैर-खाद्य वस्तुओं, धातुओं, रसायनों, कपड़ों और रबर-प्लास्टिक उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी ने भी थोक महंगाई को ऊपर बनाए रखने में योगदान दिया।
महंगाई का झटका! अक्टूबर में रिटेल महंगाई दर बढ़कर 6.09% हुई
अगस्त के थोक महंगाई आंकड़े 9.92% पर बरकरार
सरकार ने अगस्त 2026 के लिए थोक महंगाई के अंतिम आंकड़े को 9.92 फीसदी पर बरकरार रखा है। इस महीने का अंतिम थोक मूल्य सूचकांक 110.8 दर्ज किया गया। वहीं अक्टूबर के थोक महंगाई के आंकड़े 81.1 फीसदी की भारित प्रतिक्रिया दर के आधार पर तैयार किए गए हैं। सरकार के मुताबिक नवंबर 2026 के थोक मूल्य सूचकांक (WPI), आउटपुट प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स (OPPI) और ट्रायल इनपुट प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स (IPPI) के आंकड़े 14 दिसंबर को जारी किए जाएंगे।




















