नाबालिग बेटी से 3 साल तक किया रेप! अस्पताल में डिलीवरी और नवजात का सौदा, 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग के साथ करीब तीन साल तक यौन शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में भी उसका शोषण जारी रखा। इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई। पहली बार गर्भपात की दवा खिलाने का आरोप है। दूसरी बार गर्भवती होने पर उसकी उम्र और पहचान छिपाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे बालिग और शादीशुदा बताया गया। अस्पताल में प्रसव के बाद नवजात को दूसरे व्यक्ति को सौंपने का भी आरोप है।
धमकी देकर शुरू हुआ शोषण
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में अमलीडीह क्षेत्र स्थित रिश्तेदार के घर उसके पिता ने उसे जबरन शराब पिलाई। इसके बाद मारपीट कर दुष्कर्म किया और किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण वह लंबे समय तक चुप रही। आरोप है कि इसके बाद भी पिता उसका लगातार शोषण करता रहा।
ये भी पढ़ें: Surajpur: सरगुजा में बंद कमरे का खूनी राज: बोरे में मिले पति-पत्नी के शव, सिर पर गहरे घाव,बड़ा बेटा फरार
पहली बार गर्भवती हुई तो जबरन दी गई दवा
पीड़िता के गर्भवती होने की जानकारी जब उसकी बुआ को मिली तो उसने यह बात पिता को बताई। आरोप है कि इसके बाद पिता गर्भपात की दवा लेकर आया और बुआ की मदद से नाबालिग को मारपीट कर दवा खिला दी गई। इससे उसका गर्भपात हो गया। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
दूसरी प्रेग्नेंसी के बाद बदली गई उम्र और पहचान
पुलिस के अनुसार, शोषण इसके बाद भी नहीं रुका। वर्ष 2025 में पीड़िता दोबारा गर्भवती हो गई। इसके बाद उसे कुछ लोगों के पास ले जाया गया। आरोप है कि उसकी वास्तविक उम्र छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड तैयार किया गया और उसे बालिग बताया गया। इतना ही नहीं, उसे शादीशुदा बताकर अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था भी की गई।
अस्पताल में बेटे का जन्म, नवजात को सौंपने का आरोप
नाबालिग को चंगोराभाठा स्थित वासुदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन के जरिए उसने एक बेटे को जन्म दिया। आरोप है कि प्रसव के बाद नवजात को करीब 1.10 लाख रुपये में दूसरे व्यक्ति को सौंप दिया गया। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए बच्चे को बरामद कर लिया है।
छह आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल फोन भी जब्त
शिकायत के बाद न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस ने पीड़िता के पिता और बुआ समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें रोहित कुमार राय, साहेब मंडल, योगिता राय उर्फ गीता राय और बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल शामिल हैं। पुलिस ने दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
अस्पताल और दस्तावेजों की कड़ी खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं में शामिल कुछ आरोपी नर्स के रूप में काम करती हैं। अस्पतालों में उनकी पहचान और संपर्कों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग की उम्र बदलने वाले दस्तावेज किसने तैयार किए और अस्पताल में भर्ती कराने में किसकी भूमिका रही।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: छत्तीसगढ़ में खाद्य सुरक्षा का विस्तार, किसानों को रिकॉर्ड भुगतान से लेकर Grain ATM तक बड़ा बदलाव
क्या पहले भी हुआ ऐसा? पुराने मामलों की जांच
जांच टीम अब आरोपियों के मोबाइल, संपर्कों और अस्पतालों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है। पुलिस को शक है कि इस मामले के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क हो सकता है। इसलिए यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं पहले भी किसी महिला या नाबालिग की पहचान बदलकर अस्पताल में भर्ती तो नहीं कराया गया। नवजात को सौंपने और पैसों के लेनदेन की पूरी कड़ी भी जांच के दायरे में है।











