Raipur:रायपुर में 20 लाख की MDMA खेप पकड़ी, राजस्थान का युवक गिरफ्तार तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे 106.19 ग्राम MDMA बरामद

रायपुर: राजधानी में सूखे नशे के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे से 106.19 ग्राम MDMA के साथ राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त MDMA और एक आईफोन की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम
पुलिस के मुताबिक 9 अगस्त 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र में तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली ऑफिस के पास एक व्यक्ति MDMA लेकर बिक्री की फिराक में है। सूचना के बाद पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में संयुक्त टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
घेराबंदी कर युवक को पकड़ा
पुलिस टीम ने मौके पर निगरानी शुरू की और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान कर घेराबंदी की। पूछताछ में युवक ने अपना नाम रामनिवास माचरा, निवासी राजस्थान बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे बैग से 106.19 ग्राम MDMA बरामद हुआ।
दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी से MDMA रखने और उसके परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मादक पदार्थ और एक आईफोन जब्त किया।
रायपुर में सप्लाई करने आया था
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर MDMA की बिक्री करता है। वह साथियों के कहने पर MDMA की खेप लेकर रायपुर में सप्लाई करने आया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और रायपुर में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।
सप्लायर और नेटवर्क की तलाश
पुलिस आरोपी से MDMA की खरीदी के स्रोत, सप्लायर, रायपुर में खेप लेने वाले लोगों और उसके अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
NDPS एक्ट में केस दर्ज
आरोपी के खिलाफ गंज थाने में अपराध क्रमांक 243/26 के तहत धारा 22(ग) नारकोटिक एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक मामले में आगे की विवेचना और इंड-टू-इंड कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें: Raipur: सुप्रीम कोर्ट से भूपेश बघेल को झटका, पाटन चुनाव याचिका पर हाईकोर्ट में जारी रहेगी सुनवाई
नशे के खिलाफ कार्रवाई का आंकड़ा
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने NDPS एक्ट के 73 मामलों में 163 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में पुलिस ने करीब 5.47 करोड़ रुपए कीमत का विभिन्न प्रकार का मादक पदार्थ, नकदी, वाहन और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।गिरफ्तार आरोपी: रामनिवास माचरा, पिता भंवरलाल माचरा, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम केरला नाडा बिकमकोर, थाना मतोड़, जिला फलोदी, राजस्थान।












