पिपरिया में बैंक चोरी का 10 घंटे में खुलासा, निगरानी बदमाश गिरफ्तार; 70 हजार के 2 टैबलेट बरामद

पिपरिया में भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन बैंक में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 10 घंटे में खुलासा कर दिया। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने इस मामले में एक निगरानी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नितिन उर्फ सेंडा सिलावट (40) के रूप में हुई है। वह टावर मोहल्ले की गली नंबर-1 का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए लेनोवो कंपनी के दो टैबलेट बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने बैंक में घुसकर तिजोरी तोड़ने की भी कोशिश की थी। हालांकि, वह तिजोरी से नकदी निकालने में सफल नहीं हो सका और टेबल पर रखे दो टैबलेट लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई।
बैंक का ताला तोड़कर घुसा, तिजोरी तोड़ने की कोशिश की
पुलिस के मुताबिक, भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन बैंक के मैनेजर राजकुमार यादव ने स्टेशन रोड थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने बैंक के पीछे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। आरोपी ने बैंक में रखी तिजोरी का ताला तोड़ने का प्रयास किया। इसके बाद टेबल पर रखे लेनोवो कंपनी के दो टैबलेट चोरी कर लिए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(4) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सफेद तौलिया बांधकर बैंक में घुसा था चोर
वारदात के बाद सुबह जब बैंक कर्मचारी पहुंचे तो पीछे के दरवाजे का लॉक टूटा मिला। इसी दौरान कर्मचारियों ने बैंक के अंदर एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। उसने अपने चेहरे पर सफेद तौलिया बांध रखा था। कर्मचारियों की आहट मिलते ही वह छत के रास्ते पीछे की ओर से भाग निकला। बैंक की जांच करने पर तिजोरी का ताला टूटा मिला और दोनों टैबलेट गायब थे। चोरी हुए टैबलेट में एयरटेल और जियो कंपनी की सिम भी लगी हुई थीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड की मदद भी ली गई।
25 CCTV कैमरों ने खोला चोरी का राज
आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाईं। घटनास्थल से भौतिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। इसके अलावा बैंक और आसपास के इलाके में लगे करीब 25 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति घटना के दौरान बैंक की ओर आते-जाते दिखाई दिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर नितिन उर्फ सेंडा सिलावट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने आने के बाद पुलिस का शक और गहरा गया।
पाइप के सहारे छत पर चढ़ा, फिर बैंक में किया प्रवेश
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसने बताया कि बैंक के पीछे दीवार पर लगे पाइप के सहारे वह छत पर चढ़ा था। इसके बाद छत के रास्ते बैंक के अंदर पहुंचा और ताला तोड़कर चोरी की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दोनों चोरी के टैबलेट बरामद कर लिए हैं। इनकी कुल कीमत करीब 70 हजार रुपये है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं चोरी-नकबजनी के 12 मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार नितिन उर्फ सेंडा सिलावट थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से चोरी और नकबजनी के करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई में एसडीओपी पिपरिया आशीष पवार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी आदित्य सेन, स्टेशन रोड थाना प्रभारी महेंद्र सिंह बघेल और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।




















