Raipur:कारीगर बनकर 60 ग्राम सोना चोरी, 7.80 लाख के माल पर किया हाथ साफ, जोधपुर से आरोपी गिरफ्तार

रायपुर: राजधानी रायपुर में सोने के आभूषण बनाने के लिए रखे गए 60 ग्राम कच्चे सोने को चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी मूलतः पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और घटना के बाद लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बच रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम कच्चा सोना और एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 4.70 लाख रुपए बताई गई है।
ये भी पढ़ें: Raipur: सुप्रीम कोर्ट से भूपेश बघेल को झटका, पाटन चुनाव याचिका पर हाईकोर्ट में जारी रहेगी सुनवाई
कारीगर बनकर आया, भरोसा जीतकर सोना ले गया
गोलबाजार थाना क्षेत्र के नयापारा शंकर चौक निवासी नंदकिशोर सोनी की एलजी डाई कटिंग की दुकान है। यहां सोने के आभूषण तैयार करने के लिए राजू डोलाई नामक कारीगर को काम पर रखा गया था। पुलिस के मुताबिक 11 जनवरी 2026 को दुकान संचालक ने राजू को आभूषण बनाने के लिए 60 ग्राम कच्चा सोना दिया था।
ये भी पढ़ें: Raipur: रायपुर गंज थाना से पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ चोरी का आरोपित, शौचालय ले जाते समय हुआ फरार
आलमारी में रखा था 60 ग्राम सोना
दुकानदार ने करीब 7.80 लाख रुपए कीमत का कच्चा सोना दुकान की कारीगर आलमारी में रखवाया था। इसके बाद राजू अचानक काम पर आना बंद हो गया। जब उसके निवास पर भी वह नहीं मिला तो 15 जनवरी को आलमारी की जांच की गई। जांच में 60 ग्राम कच्चा सोना गायब मिला।
आरोपी के गायब होते ही पुलिस ने शुरू की तलाश
सोना चोरी होने की रिपोर्ट मिलने के बाद गोलबाजार थाना पुलिस ने आरोपी राजू के खिलाफ अपराध क्रमांक 16/26 के तहत धारा 306 बीएनएस में मामला दर्ज किया। लंबे समय से लंबित संपत्ति संबंधी मामलों की समीक्षा के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश दिए।
तकनीकी जांच से मिला जोधपुर का सुराग
पुलिस के मुताबिक आरोपी घटना के बाद अपना ठिकाना बदलकर फरार हो गया था। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी से जुड़ी तकनीकी जानकारी, दस्तावेज और अन्य उपलब्ध तथ्यों का विश्लेषण शुरू किया। इसी दौरान आरोपी की लोकेशन राजस्थान के जोधपुर में सामने आई।
रायपुर से राजस्थान पहुंची पुलिस टीम
लोकेशन की पुष्टि के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम राजस्थान रवाना हुई। जोधपुर में स्थानीय स्तर पर आरोपी की तलाश करते हुए उसके संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी गई। तकनीकी सहायता और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी राजू डोलाई को पकड़ लिया।
पूछताछ में चोरी की बात स्वीकारने का दावा
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसके कब्जे से 40 ग्राम कच्चा सोना और घटना से संबंधित एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 4.70 लाख रुपए बताई गई है।
20 ग्राम सोना अब भी तलाश का हिस्सा
पुलिस ने बताया कि चोरी किए गए 60 ग्राम सोने में से फिलहाल 40 ग्राम कच्चा सोना बरामद हुआ है। शेष सोने के साथ ही घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका और चोरी के माल के संबंध में आरोपी से पूछताछ जारी है।
ये भी पढ़ें: Raipur: रायपुर में भगवान शिव पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से बवाल, क्रिश्चियन फोरम पदाधिकारी गिरफ्तार
आरोपी कौन है?
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू डोलाई, पिता प्रहलाद चंद्रा डोलाई, उम्र 35 वर्ष, निवासी जायरम चाक, पूरबा मेदिनीपुर, थाना पासकूड़ा, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। वरिष्ठ अधिकारियों की मॉनिटरिंग में कार्रवाई,यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल की सतत मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गोलबाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।












