रायपुर में होटल की छत से कूदी युवती :GRP ऑफिस परिसर में गिरी, इलाज के दौरान मौत; मानसिक रूप से थी परेशान

रायपुर के स्टेशन रोड स्थित सिद्धि विनायक होटल की छत से 25 वर्षीय युवती हनी गुप्ता ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। वह GRP एसपी ऑफिस परिसर में गिरी और गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। युवती मानसिक परेशानी से जूझ रही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और होटल स्टाफ से पूछताछ जारी है।
GRP ऑफिस परिसर में गिरी, इलाज के दौरान मौत; मानसिक रूप से थी परेशान
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल से 25 वर्षीय युवती ने छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। युवती होटल की छत से कूदकर सीधे जीआरपी एसपी ऑफिस परिसर में जा गिरी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह घटना रायपुर के गंज थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

    होटल की छत से लगाई छलांग

    मिली जानकारी के अनुसार, स्टेशन रोड स्थित सिद्धि विनायक होटल में ठहरी युवती ने बुधवार दोपहर होटल की छत पर पहुंची और अचानक नीचे छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि, युवती होटल के चौथे फ्लोर के कमरे नंबर 405 में रुकी हुई थी। छलांग लगाने के बाद वह सीधे पास में स्थित जीआरपी एसपी ऑफिस के परिसर में जा गिरी। गिरने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी और उसकी सांसें चल रही थीं। मौके पर मौजूद जीआरपी जवानों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया।

    यह भी पढ़ें: 186 लोगों के नाम पर लोन… घर एक भी नहीं : 1.86 करोड़ का घोटाला, 26 साल बाद आरोपी गिरफ्तार

    अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

    घटना के तुरंत बाद पुलिस और जीआरपी के जवानों ने युवती को डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

    हनी गुप्ता के रूप में हुई मृतका की पहचान

    पुलिस जांच में मृतका की पहचान 25 वर्षीय हनी गुप्ता के रूप में हुई है। वह मूल रूप से रायगढ़ जिले की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि, वह रायपुर के सड्डू थाना विधानसभा क्षेत्र के राजधानी विहार इलाके में रह रही थी। युवती अपने पिता और दो भाइयों के साथ कचना इलाके में रहती थी।

    Featured News

    पहले से दर्ज थी गुमशुदगी

    जांच के दौरान पुलिस को एक और अहम जानकारी मिली है। युवती के परिवार ने 7 मार्च 2026 को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट विधानसभा थाना में दर्ज कराई थी। इससे यह संकेत मिल रहा है कि, युवती कुछ समय से घर से दूर थी और होटल में कैसे पहुंची, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि, युवती होटल में कब और किसके साथ आई थी।

    मानसिक परेशानी से जूझ रही थी युवती

    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, युवती मानसिक रूप से परेशान थी। पुलिस को जानकारी मिली है कि वह बाइपोलर डिसऑर्डर जैसी गंभीर मानसिक बीमारी से जूझ रही थी। यह बीमारी व्यक्ति के व्यवहार और मानसिक स्थिति को गहराई से प्रभावित करती है। इसमें अचानक अवसाद, तनाव या अत्यधिक उत्तेजना जैसी स्थिति बन सकती है। पुलिस का मानना है कि, मानसिक तनाव भी इस घटना का एक कारण हो सकता है।

    यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ नसबंदी कांड में फैसला : 12 महिलाओं की मौत मामले में डॉक्टर को दो साल की सजा

    माता-पिता का हो चुका है तलाक

    पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि, युवती के माता-पिता का तलाक हो चुका था। वह अपने पिता और भाइयों के साथ रायपुर में रह रही थी। परिवारिक परिस्थितियों और मानसिक परेशानी के कारण युवती काफी समय से तनाव में बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अभी सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

    होटल स्टाफ से पूछताछ जारी

    घटना के बाद पुलिस ने होटल के कमरे की तलाशी ली, जहां से कमरे की चाबी बरामद हुई है। पुलिस अब होटल स्टाफ से भी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवती होटल में कब आई थी और उसने कमरा कैसे बुक किया था। इसके अलावा होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना से पहले की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

    Breaking News

    पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

    पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी हुई है और युवती के परिवार से भी पूछताछ की जा रही है।

    पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच

    गंज थाना पुलिस का कहना है कि, मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती होटल में क्यों रुकी थी, वह वहां कब पहुंची और घटना के पीछे की असली वजह क्या है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts