रायपुर में दर्दनाक हादसा :मंदिर की बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के धरसीवां थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। कुंबरगढ़ स्थित प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर की बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
खेलते-खेलते बावड़ी में गिरे दोनों बच्चे
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान साक्षी साहू (7 वर्ष) और श्रवण धीवर (4 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बच्चे धरसीवां के कुर्रा गांव के रहने वाले थे। शनिवार सुबह वे अन्य बच्चों के साथ मंदिर परिसर के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों प्राचीन बावड़ी के किनारे पहुंच गए और संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में गिर गए।
तलाश के बाद बावड़ी से निकाले गए शव
काफी देर तक बच्चे दिखाई नहीं देने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों को बावड़ी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही धरसीवां पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी
हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि मंदिर परिसर की यह प्राचीन बावड़ी काफी गहरी है, लेकिन यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। न तो बावड़ी के चारों ओर मजबूत घेराबंदी है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है।
ग्रामीणों ने की सुरक्षा व्यवस्था की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी बावड़ी की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से बावड़ी के चारों ओर सुरक्षा दीवार, जाली और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।











