गुरु नानक देव जी की जयंती पर CM मोहन यादव ने दी शुभकामनाएं, कहा- आज भी प्रासंगिक हैं उनके विचार

भोपाल। गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं और मानवता, सेवा, समानता व सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने सत्य, सेवा और समानता का संदेश दिया। उनकी ओर से स्थापित संगत-पंगत की परंपरा समाज में भाईचारे और समानता की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने मेहनत की कमाई करने और जरूरतमंदों की मदद करने की सीख भी दी।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि गुरु नानक देव जी से लेकर गुरु गोबिंद सिंह जी तक सिख गुरुओं का त्याग और बलिदान अविस्मरणीय है। सिख गुरुओं ने समाज और धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके विचार और आदर्श आज भी लोगों को मानवता की सेवा, परोपकार और सद्भाव के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देते हैं।




















