Raipur News:सेंट्रल जेल में नशे की तस्करी का नया खेल,प्याज, साबुन और बिस्किट में छिपाकर पहुंचाई जा रही थी प्रतिबंधित सामग्री

प्रेम कुमार, रायपुर: रायपुर के सेंट्रल जेल में बंदियों तक नशीले पदार्थ पहुंचाने के लिए अपनाए जा रहे नए तरीकों का बड़ा खुलासा हुआ है। मुलाकात के दौरान कुछ परिजन प्याज, साबुन की टिकिया और बिस्किट के पैकेट के भीतर गांजा, नशीली गोलियां और तंबाकू छिपाकर जेल के अंदर पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, जेल प्रशासन की सघन जांच में सभी प्रयास नाकाम हो गए। लगातार ऐसे मामले सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए कुछ जरूरी सामान अब केवल जेल कैंटीन से उपलब्ध कराने का फैसला लिया है।
सेंट्रल जेल में नशे की नई तस्करी का खुलासा
रायपुर सेंट्रल जेल में प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने के लिए अपनाए जा रहे नए तरीकों ने जेल प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पिछले महीने मुलाकात के दौरान कई मामलों में परिजनों ने दैनिक उपयोग की वस्तुओं के भीतर नशीले पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित सामग्री छिपाकर जेल में पहुंचाने का प्रयास किया। सुरक्षा जांच में सभी सामान जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
बिस्किट के पैकेट में छिपाई जा रही थीं नशीली गोलियां
जांच के दौरान पता चला कि कुछ लोग फैक्ट्री पैक जैसे दिखने वाले बिस्किट के पैकेटों को खोलकर उनके अंदर नशीली टैबलेट और तंबाकू रख देते थे। इसके बाद पैकेट को इस तरह दोबारा सील किया जाता था कि पहली नजर में किसी तरह की छेड़छाड़ दिखाई नहीं देती थी। लेकिन सघन जांच के दौरान यह तरीका पकड़ में आ गया।
प्याज को खोखला कर भर रहे थे गांजे की पुड़ियां
जेल प्रशासन के अनुसार कुछ मामलों में प्याज को अंदर से सावधानीपूर्वक खोखला कर उसमें गांजे की छोटी-छोटी पुड़ियां रखी गई थीं। बाद में प्याज को दोबारा पहले जैसा तैयार कर दिया जाता था ताकि किसी को शक न हो। तलाशी के दौरान यह तरीका भी बेनकाब हो गया।
साबुन की टिकिया भी बनी तस्करी का जरिया
प्रतिबंधित सामग्री छिपाने के लिए साबुन की टिकिया का भी इस्तेमाल किया जा रहा था। साबुन को काटकर उसके भीतर नशीले पदार्थ रखे जाते थे और फिर उसे दोबारा इस तरह तैयार किया जाता था कि बाहर से सामान्य साबुन जैसा ही दिखाई दे।
लगातार मामलों के बाद बदला नियम
बार-बार ऐसे मामले सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्णय लिया है। अब बंदियों के दैनिक उपयोग की कुछ चयनित सामग्री केवल जेल कैंटीन के माध्यम से ही उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि अन्य स्वीकृत सामान पहले की तरह नियमों के तहत परिजन दे सकेंगे।
कैंटीन में बाजार से कम कीमत पर मिलेगा सामान
जेल प्रशासन का कहना है कि कैंटीन में उपलब्ध कराई जाने वाली सभी वस्तुएं गुणवत्तापूर्ण होंगी। उनकी कीमत सामान्य बाजार से कम रखी गई है ताकि बंदियों के परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। यह व्यवस्था फिलहाल अस्थायी रूप से लागू की गई है।












