भोपाल में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से सनसनी, पत्नी-मां और 2 बच्चों की हत्या कर पिता ने दी जान!

भोपाल। राजधानी भोपाल के छोला थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, एक ही घर में पांच लोगों के शव मिलने की सूचना है। वहीं, परिवार के एक सदस्य का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल मौतों के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मामला हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से जुड़ा है।
मृतकों की हुई पहचान
परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू (35) का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि नरेंद्र ने पहले अपनी मां, पत्नी और दो बच्चों की हत्या की और फिर ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली। मृतकों में नरेंद्र की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटा खुश साहू (6) शामिल हैं।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
घटना को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। रेलवे ट्रैक पर मिले शव और घर में मिले शवों के बीच संबंध की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से घटना के कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही मौतों की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।




















