PlayBreaking News

कोचिंग कैपिटल में जेन जी से बात : NEET पेपर लीक को लेकर राहुल की रैली के लिए हो रहा कोटा तैयार

NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी व देश में बेरोजगारी को लेकर राहुल गांधी चार शहरों में युवा पीढ़ी के विद्यार्थियों से बात करेंगे। इसकी शुरुआत वे 17 जून को कोचिंग हब कोटा से करने जा रहे हैं। इसके बाद वे प्रयागराज, पटना और दिल्ली में भी छात्रों से बातचीत करेंगे।
Follow on Google News
 NEET पेपर लीक को लेकर राहुल की रैली के लिए हो रहा कोटा तैयार

नेशनल डेस्क। नीट पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर कांग्रेस ने देशव्यापी आंदोलन शुरू करने का फैसला किया है। इस अभियान की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी यहां छात्रों, शिक्षकों और युवा संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। कांग्रेस का कहना है कि परीक्षा घोटालों और बेरोजगारी के मुद्दे पर युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा।

कांग्रेस ने बनाई व्यापक रणनीति 

दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में हुई बैठक के बाद कांग्रेस ने आंदोलन का खाका तैयार किया है। पार्टी के अनुसार, नीट पेपर लीक और अन्य भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस देशभर में छात्रों तक पहुंचने और जनजागरण अभियान चलाने की तैयारी कर रही है।

छात्रों तक पहुंचने के लिए विशेष अभियान 

कांग्रेस इस अभियान के तहत एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस, प्रदेश और जिला इकाइयों को सक्रिय करेगी। छात्रों तक पहुंचने के लिए कोचिंग संस्थानों, विश्वविद्यालयों, स्कूलों और युवा केंद्रों में संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा सोशल मीडिया, डिजिटल निमंत्रण, लाइव स्क्रीनिंग और संवाद कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को जोड़ा जाएगा।

ये भी पढ़ें: SSC CGL 2026 : NCB में नौकरी का मौका, ग्रेजुएट उम्मीदवार 22 जून तक कर सकते हैं आवेदन

कोटा को चुनने के पीछे कारण 

कांग्रेस ने आंदोलन की शुरुआत के लिए कोटा को इसलिए चुना है क्योंकि यह देश की सबसे बड़े कोचिंग हब के रूप में जाना जाता है। यहां हर साल करीब 2 से 3 लाख छात्र नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आते हैं। नीट पेपर लीक का प्रभाव भी बड़ी संख्या में यहां पढ़ने वाले छात्रों पर पड़ा है। ऐसे में कांग्रेस इसे युवाओं से सीधे संवाद का सबसे उपयुक्त मंच मान रही है।

देशभर में आंदोलन का अगला चरण 

कोटा के बाद कांग्रेस इस अभियान को अन्य राज्यों तक ले जाएगी। पार्टी के कार्यक्रम के अनुसार 10 जुलाई को प्रयागराज में छात्रों के साथ संवाद होगा, जबकि 11 जुलाई को पटना में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई को नई दिल्ली में संसद के मानसून सत्र से पहले केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई है।

ये भी पढ़ें: खान ग्लोबल स्टडीज मामले में राहत! ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद को मिली जमानत

युवाओं और मध्यम वर्ग पर नजर 

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस इस आंदोलन के जरिए छात्रों, युवाओं और मध्यम वर्ग को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है। महंगी कोचिंग, बढ़ते शिक्षा खर्च और परीक्षा विवादों ने अभिभावकों तथा छात्रों में असंतोष पैदा किया है। कांग्रेस इस मुद्दे को राजनीतिक रूप से उठाकर युवाओं की नाराजगी को जनसमर्थन में बदलने का प्रयास कर रही है।

भाजपा सरकारों पर दबाव बनाने की कोशिश 

कांग्रेस का यह अभियान केंद्र की मोदी सरकार के साथ-साथ राजस्थान की भाजपा सरकार को भी निशाने पर रखेगा। पार्टी का आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की कमी के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह केवल पेपर लीक का मुद्दा नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों से जुड़ा राष्ट्रीय विषय है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि कोटा से शुरू होने वाला यह आंदोलन देशभर में कितना प्रभाव छोड़ पाता है। 

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts