पांच शर्तों पर राहुल गांधी की सभा के लिए आईडीए ने दिया मैदान, 12 हजार वर्गमीटर में बन रहा वॉटरप्रूफ डोम

इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम के लिए आईडीए ने कांग्रेस को पांच शर्तों पर रीजनल पार्क के सामने रिक्त पड़ी जमीन किराए पर उपलब्ध कराई है। इस 12 हजार वर्गमीटर जमीन का किराया 10 लाख रुपए लिया गया है। रीजनल पार्क के सामने स्थित आईडीए के करीब 12 हजार वर्गमीटर मैदान में करीब हाईटेक वॉटरप्रूफ डोम तैयार किया जा रहा है। कांग्रेस का दावा है कि इसमें करीब 1 लाख युवाओं के बैठने की व्यवस्था होगी।
आईडीए ने रखी ये पांच शर्तें
- कार्यक्रम के लिए केवल खाली भूमि उपलब्ध कराई गई है।
- आयोजन में सुरक्षा इंतजाम आयोजक को करना होंगे।
- कार्यक्रम को लेकर सभी संबंधित विभागों से एनओसी या अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
- ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग के लिए संबंधित विभाग की अनुमति लगेगी।
- नियत स्थान से पूर्व एवं पश्चात जमीन का उपयोग पाए जाने पर उस दिनांक का भी लीजरेंट देना होगा।
उत्तर दिशा में बनेगा मंच
इधर बारिश के कारण मैदान में कीचड़ है। इसके बावजूद तैयारियां तेजी से चल रही हैं। मिट्टी और गिट्टी डालकर जमीन को समतल और मजबूत किया जा रहा है। डोम की सामग्री बड़े ट्रकों से भोपाल से इंदौर लाई गई है। बारिश की संभावना को देखते हुए डोम को वॉटरप्रूफ बनाया गया है। कार्यक्रम के लेआउट के मुताबिक राहुल गांधी का मंच उत्तर दिशा में बनाया जा रहा है। छात्रों के लिए मुख्य प्रवेश रीजनल पार्क की ओर से रहेगा। राहुल गांधी के मंच तक पहुंचने के लिए अलग रास्ता बनाया जा रहा है। उनकी कार को इसी रास्ते से सीधे मंच तक पहुंचाने की व्यवस्था होगी। इस मार्ग पर अन्य वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आयोजन स्थल पर प्रवेश नहीं मिलेगा।
ये भी पढ़ें: रैपर को बुलाने की जरूरत क्या है, राहुल गांधी खुद ही काफी हैं: कैलाश विजयवर्गीय
दिल्ली से आ गई राहुल की कोर टीम
कार्यक्रम की तैयारियों के लिए दिल्ली से टीम इंदौर पहुंची है। टीम डोम, मंच, मैदान के लेआउट और प्रवेश-निकास सहित अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है। मैदान में बारिश के पानी और कीचड़ से निपटने के लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं।जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े इस टीम के साथ काम कर रहे है। राहुल गांधी का कार्यक्रम पहले 12 सितंबर को नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित था। अनुमति नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम की तारीख 19 सितंबर की गई। इसके बाद रीजनल पार्क के सामने स्थित आईडीए मैदान को आयोजन के लिए चुना गया। अब मैदान तय होने के बाद यहां युद्धस्तर पर काम चल रहा है। मैदान में युवक-युवतियों के लिए अलग अलग स्थान होगा। दोनों की एंट्री भी अलग अलग रास्ते से होगी।
ये भी पढ़ें: 'अमेरिका के दबाव में लगाया जा रहा UPI ट्रांजेक्शन चार्ज', राहुल गांधी का आरोप
कार्यक्रम में सुरक्षा के लिए ये रहेंगे मौजूद
- 15 पुरुष गार्ड
- 15 महिला गार्ड
- 30 महिला बाउंसर
- 50 पुरुष बाउंसर
- 18 ट्रैफिक मार्शल
- 50 अग्निशामक




















