राहुल गांधी ने पूछा- पैलेट गन किससे पूछकर चलाई!BJP का जवाब- गोली नहीं चली, नेता प्रतिपक्ष हमेशा 2 विक्टिम कॉर्ड से खेलते हैं

नई दिल्ली। लोकसभा में पेपर लीक से जुड़े विधेयक पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्हें सदन में अपनी बात पूरी नहीं रखने दी गई, क्योंकि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को छात्रों पर हुई कथित बर्बरता के लिए जिम्मेदार ठहराया था। वहीं भाजपा ने राहुल के आरोपों को पूरी तरह झूठ बताते हुए उन पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया।
मेरा कर्तव्य है देश के मुद्दे उठाना : राहुल गांधी
लोकसभा की कार्यवाही के बाद राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि उन्हें सदन में बोलने से रोका गया, जबकि केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को बोलने दिया गया।राहुल ने कहा कि उनसे कहा गया कि पहले माफी मांगिए, उसके बाद ही बोलने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते उनका कर्तव्य है कि वह देश के मुद्दे उठाएं।
पैलेट गन से कई छात्रों की रोशनी गई
राहुल गांधी ने दावा किया कि छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई छात्रों की आंखों की रोशनी चली गई। उन्होंने कहा कि उन्होंने मेडिकल सर्टिफिकेट भी देखे हैं।उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और अमित शाह को इस्तीफा देना चाहिए।
'25 जुलाई को शाह को पत्र लिखा था'
राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने 25 जुलाई को अमित शाह को पत्र लिखकर पूछा था कि पैलेट गन चलाने की अनुमति किसने दी और क्यों दी। उन्होंने यह भी पूछा कि सादे कपड़ों में छात्रों को पीटने वाले लोग पुलिसकर्मी थे या कोई और। राहुल का कहना है कि इस पत्र का अब तक कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने दोहराया कि छात्रों को न्याय मिलना चाहिए और पूरे मामले की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
भाजपा ने दिया राहुल गांधी के सवालों के जवाब
राहुल गांधी के बयान के कुछ देर बाद भाजपा सांसद संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पलटवार किया।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने लोकसभा में यह कहकर झूठ बोला कि संसद मार्च के दौरान छात्रों पर गोली चलाई गई। भाजपा का कहना है कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई, इसलिए यह कहना भी गलत है कि गृह मंत्री अमित शाह ने गोली चलाने का आदेश दिया।
यह भी पढ़ें: राज्यसभा में पास हुआ वंदे मातरम बिल, अब राष्ट्रीय गीत के अपमान करने पर होगी सजा
राहुल ने छात्रों का अपमान किया- संबित पात्रा
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी के भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने छात्रों को तीन श्रेणियों में बांटने की बात कही और इडियट तथा अंधभक्त जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। भाजपा का आरोप है कि इस तरह की भाषा पूरे छात्र समुदाय का अपमान है और सदन की गरिमा के अनुरूप नहीं है।
शाह किसी से छिपकर नहीं चलते- BJP
भाजपा ने राहुल गांधी के उस बयान का भी जवाब दिया, जिसमें उन्होंने अमित शाह के काफिले और उनकी मौजूदगी पर सवाल उठाए थे। संबित पात्रा ने कहा कि अमित शाह किसी से छिपकर नहीं चलते और उनके सभी सार्वजनिक कार्यक्रम पहले से घोषित होते हैं। उन्होंने कहा कि शाह आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं और उनके बारे में इस तरह के आरोप लगाना गलत है।
यह भी पढ़ें: लोकसभा में हंगामा: अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाकर घिरे राहुल गांधी, रिजिजू बोले- सबूत दीजिए या माफी मांगिए
पेपर लीक, छात्र आंदोलन से गरमाया माहौल
राहुल गांधी और भाजपा के बीच यह टकराव ऐसे समय सामने आया है, जब पेपर लीक, छात्र आंदोलन और संसद में हुई बहस को लेकर पहले से ही माहौल गर्म है। दोनों पक्ष एक-दूसरे के आरोपों को गलत बता रहे हैं, जबकि इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है।











