Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

चक्रवात अर्नब का कहर: ओडिशा के 300 गांव पानी से घिरे, MP के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवात अर्नब कमजोर पड़ने के बाद भी कई राज्यों में आफत बरपा रहा है। ओडिशा के 300 गांव पानी से घिरे हैं, आंध्र में रेल-बिजली सेवाएं प्रभावित हैं और MP के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।
चक्रवात अर्नब का कहर: ओडिशा के 300 गांव पानी से घिरे, MP के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवात अर्नब का असर अब भी कई राज्यों में देखने को मिल रहा है। ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। ओडिशा के गंजाम जिले में करीब 300 गांव पानी से घिर गए हैं। राज्य सरकार प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को हवाई मार्ग से निकालने की तैयारी कर रही है। वहीं, आंध्र प्रदेश में बिजली आपूर्ति बहाल करने और प्रभावित लोगों को मुआवजा देने के निर्देश दिए गए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवात अर्नब कमजोर होकर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। इसके बावजूद ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

ओडिशा के 300 गांव पानी से घिरे, हवाई रेस्क्यू की तैयारी

ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ODRAF) की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में बचाव अभियान चला रही हैं। लगातार बारिश और बादल नीचे होने के कारण हेलीकॉप्टर से लोगों को निकालने में परेशानी आ सकती है। राज्य सरकार ने पहले चरण में करीब 120 लोगों को हवाई मार्ग से निकालने की योजना बनाई है। भारतीय तटरक्षक बल इसके लिए हेलीकॉप्टर और जरूरी सहायता उपलब्ध कराएगा। राज्य सरकार इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय के संपर्क में है।

गंजाम में ऋषिकुल्या नदी उफान पर

गंजाम जिले के सोरड़ा समेत कई इलाके भारी बारिश से प्रभावित हैं। पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण ऋषिकुल्या नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इससे आसपास के कस्बों और गांवों में पानी भर गया है। आस्का में नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। दिगपहांडी ब्लॉक में भी बाढ़ जैसे हालात हैं। परिवहन मंत्री बिभूति भूषण जेना के मुताबिक, पानी से घिरे ज्यादातर लोग सनाखेमुंडी और आस्का ब्लॉक के गांवों में फंसे हैं। गंजाम में ODRAF की एक अतिरिक्त टीम भेजी गई है। बारिश कम होने पर बचाव अभियान में तेजी आने की उम्मीद है।

आंध्र प्रदेश में बिजली बहाली और मुआवजे पर जोर

मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों के साथ टेलीकॉन्फ्रेंस कर चक्रवात से हुए नुकसान की समीक्षा की। उन्होंने प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने और नुकसान का आकलन कर लोगों को मुआवजा देने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। नायडू ने सड़कों पर गिरे पेड़ों और मलबे को हटाने के साथ तालाबों और नहरों के तटबंधों की निगरानी करने को कहा। अधिकारियों को स्थिति सामान्य होने तक राहत और बहाली के काम जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। चक्रवात से किसानों की खड़ी फसलों और नारियल के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने कृषि अधिकारियों और वैज्ञानिकों से जलभराव से प्रभावित फसलों को बचाने के उपाय तलाशने को कहा है। उखड़े नारियल के पेड़ों और अन्य बागवानी फसलों को दोबारा लगाने की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है।

cyclone arnab

श्रीकाकुलम में रेल सेवाएं प्रभावित

भारी बारिश के कारण आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। एक रेलवे पुल पर पानी भरने के कारण ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई। अधिकारियों की योजना सड़क मार्ग से फंसे यात्रियों को निकालने की है। जरूरत पड़ने पर आसपास के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के ठहरने और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, ओडिशा के गंजाम जिले में बहुदा नदी का जलस्तर बढ़ने से हावड़ा-चेन्नई रेल मार्ग पर भी असर पड़ा है। रेलवे ने एहतियात के तौर पर नौ ट्रेनें रद्द की हैं, जबकि 14 ट्रेनों के रूट बदले गए हैं। इनमें भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस और विशाखा एक्सप्रेस शामिल हैं। यात्रियों को भोजन और पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। रेलवे के मुताबिक, जलस्तर घटने और ट्रैक सुरक्षित घोषित होने के बाद सेवाएं बहाल की जाएंगी।

केंद्र ने मदद का दिया भरोसा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ओडिशा और अन्य प्रभावित राज्यों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उन्हें राज्य में चक्रवात के प्रभाव, प्रभावित जिलों और राहत कार्यों की जानकारी दी। राज्य सरकार का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत अभियान स्थिति सामान्य होने तक जारी रहेंगे।

मध्य प्रदेश के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवात अर्नब का असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। गुरुवार को भोपाल समेत कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में गिरावट के साथ ठंडक बढ़ गई। मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश के नौ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। इन जिलों में सीधी, सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर शामिल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विज्ञानी वीएस यादव के मुताबिक, कमजोर हो चुका चक्रवात मध्य प्रदेश में प्रवेश नहीं करेगा। यह छत्तीसगढ़ से आगे बढ़कर बिहार की ओर जाएगा। हालांकि, इसके प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts