राघव चड्ढा से छीना राज्यसभा में उपनेता पद :संसद में बोलने पर भी लगी रोक, AAP ने लिया बड़ा फैसला

आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को बड़ा झटका लगा है। पार्टी ने उन्हें राज्यसभा में उपनेता के पद से हटा दिया है। उनकी जगह अब सांसद अशोक मित्तल को राज्यसभा में उपनेता बनाया गया है। इस संबंध में आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र भेजकर जानकारी दी है।
संसद में बोलने पर भी लगी रोक
सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को यह भी कहा है कि राघव चड्ढा को संसद में बोलने के लिए समय आवंटित न किया जाए।
क्यों लिया गया यह फैसला?
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी हाईकमान ने राघव चड्ढा को पहले भी चेतावनी दी थी। आरोप है कि वे कई बार बिना पार्टी से चर्चा किए ही संसद में मुद्दे उठाते थे। इसके अलावा, वे यह भी नहीं बताते थे कि राज्यसभा में किस विषय पर बोलने वाले हैं। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने आधिकारिक तौर पर इस फैसले का कारण अभी तक नहीं बताया है।
ये भी पढ़ें: जग्गी हत्याकांड : अमित जोगी दोषी करार, 3 हफ्ते में सरेंडर करने का आदेश, हाईकोर्ट ने पलटा फैसला
कार्रवाई के पीछे बताए जा रहे कारण
सूत्रों के मुताबिक, राघव चड्ढा पर कार्रवाई के पीछे कई वजहें हो सकती हैं-
1. दिल्ली शराब नीति मामले पर चुप्पी
जब अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को शराब नीति मामले में जमानत मिली थी, तब राघव चड्ढा की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
2. राज्यसभा में ज्यादा समय लेना
बताया जा रहा है कि वे पार्टी के तय कोटे में ज्यादा समय लेकर बोलते थे, जिससे अन्य सांसदों को बोलने का मौका कम मिलता था।
3. पार्टी लाइन से अलग बयान
कुछ मामलों में यह भी आरोप लगा कि वे पार्टी के आधिकारिक रुख को सही तरीके से नहीं रख पा रहे थे।
4. पार्टी के अंदरूनी मतभेद
इस घटना को आम आदमी पार्टी के अंदरूनी मतभेद से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
किन मुद्दों को उठाते रहे राघव चड्ढा
राघव चड्ढा राज्यसभा में कई जनहित से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं, जिनमें शामिल हैं-
- राइट टू रिकॉल (जनता को नेता को वापस बुलाने का अधिकार)
- मिडिल क्लास पर बढ़ता टैक्स बोझ
- खाद्य पदार्थों में मिलावट का मुद्दा
- गिग वर्कर्स और डिलीवरी बॉय की सुरक्षा
- एयरपोर्ट पर महंगी चाय और फ्लाइट टिकट की समस्याएं











