BRICS समिट के लिए भारत आएंगे पुतिन, 11 सितंबर को PM मोदी से होगी अहम मुलाकात

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए सितंबर में भारत आएंगे। राजधानी नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन से पहले 11 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, आर्थिक सहयोग और रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने पुतिन के भारत दौरे और प्रधानमंत्री मोदी के साथ प्रस्तावित बैठक की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि रूस भारत को अपना रणनीतिक साझेदार मानता है और दोनों देशों के संबंध मॉस्को के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
व्यापार और आर्थिक सहयोग पर रहेगा फोकस
मोदी और पुतिन की बैठक में भारत-रूस के बीच व्यापार और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा हो सकती है। दोनों देश आपसी कारोबार बढ़ाने, निवेश के नए अवसर तलाशने और दोनों देशों की कंपनियों के लिए बाजार तक पहुंच आसान बनाने जैसे मुद्दों पर बात कर सकते हैं। रूस के मुताबिक दोनों देशों के बीच होने वाले ज्यादातर भुगतान अब भारतीय और रूसी मुद्राओं में किए जा रहे हैं। इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने की कोशिशों को बल मिला है।
ऊर्जा से लेकर अंतरिक्ष तक सहयोग
भारत और रूस के संबंध केवल व्यापार तक सीमित नहीं हैं। दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा के अलावा ऊर्जा, अंतरिक्ष, परिवहन, विज्ञान और तकनीक जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग जारी है। बैठक के दौरान इन क्षेत्रों में चल रहे सहयोग को आगे बढ़ाने और नई परियोजनाओं पर संभावनाएं तलाशने को लेकर भी चर्चा हो सकती है। परिवहन और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाएं भी बातचीत का हिस्सा बन सकती हैं।
ये भी पढ़ें: 'सड़क बनेगी तो धंसेगी, धंसेगी तो बनेगी’ राम वन गमन पथ की सड़क धंसने पर डिप्टी CM केशव मौर्य ने दिया ऐसा जवाब
रूस-यूक्रेन युद्ध पर भी हो सकती है चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की मुलाकात में रूस-यूक्रेन युद्ध और इससे जुड़े मौजूदा हालात पर भी चर्चा होने की संभावना है। युद्ध का ग्लोबल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर पड़ रहे असर को लेकर दोनों नेता अपने विचार साझा कर सकते हैं। इसके अलावा फारस की खाड़ी में जारी तनाव भी बातचीत के एजेंडे में शामिल हो सकता है। रूस पहले ही खाड़ी क्षेत्र की घटनाओं के ग्लोबल अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता जता चुका है।
12-13 सितंबर को BRICS शिखर सम्मेलन
भारत वर्ष 2026 में BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। इसी के तहत 18वां BRICS शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में BRICS सदस्य देशों के नेता ग्लोबल अर्थव्यवस्था, व्यापार, सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे।




















