IndiGo Flight Cancelled: सऊदी अरब के लिए इंडिगो की उड़ानें रद्द, जानें कब तक नहीं चलेंगी फ्लाइट

सऊदी अरब में सुरक्षा हालात को देखते हुए इंडिगो एयरलाइन ने अपनी उड़ानों को रद्द रखने की अवधि बढ़ा दी है। एयरलाइन ने रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना आने-जाने वाली फ्लाइट्स को लेकर नई एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत रियाद की उड़ानें 31 अक्टूबर 2026 तक, जबकि जेद्दा, दम्माम और मदीना की उड़ानें 27 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी।
सुरक्षा हालात के कारण इंडिगो का फैसला
सऊदी अरब में सुरक्षा संबंधी घटनाओं के बाद हवाई यात्रा प्रभावित हुई है। इंडिगो ने कहा है कि मौजूदा हालात का सावधानीपूर्वक आकलन करने के बाद उड़ानें रद्द रखने का फैसला लिया गया है। एयरलाइन स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है। इंडिगो के मुताबिक, यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित यात्रियों को बुकिंग के समय दिए गए संपर्क विवरण के जरिए जानकारी दी जा रही है। यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है।
सऊदी अरब में फंसे उमरा जायरीन की वापसी जारी
सऊदी अरब में उड़ानें प्रभावित होने के कारण कुछ भारतीय उमरा जायरीन की वापसी में भी परेशानी आई है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि फंसे हुए उमरा जायरीन को सुरक्षित भारत लाने में मदद की जा रही है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, पिछले सप्ताह करीब 3,000 प्रभावित उमरा जायरीन उपलब्ध उड़ानों से भारत लौटे हैं। इसके अलावा, नियमित उड़ानों से 10 हजार से ज्यादा अन्य उमरा जायरीन भी भारत आए हैं। बाकी यात्रियों की वापसी के लिए भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास एयरलाइंस तथा टूर ऑपरेटरों के साथ समन्वय कर रहे हैं।
भारतीयों की मदद के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम
सऊदी अरब में मौजूद भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित किए जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिक नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
भारतीय दूतावास, रियाद
फोन: +966-554412016, +966-542126784
टोल-फ्री नंबर: 8002471234 (केवल सऊदी अरब के भीतर से)
WhatsApp: +966-536216082 (केवल मैसेज)
भारतीय वाणिज्य दूतावास, जेद्दा
फोन: +966-12-2614093, +966-556122301
WhatsApp: +966-536209704 (केवल मैसेज)
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
इंडिगो से यात्रा करने वाले यात्री एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट पर फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करें। यदि टिकट ट्रैवल एजेंट या किसी अन्य प्लेटफॉर्म से बुक किया है, तो संबंधित एजेंट से भी संपर्क करें। उड़ानों की स्थिति बदल सकती है, इसलिए यात्रा से पहले ताजा अपडेट लेना जरूरी है।




















