राजस्थान में चूरू में भीषण हादसा: ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, 4 महीने के मासूम समेत 6 की मौत; देवी दर्शन के लिए जा रहा था परिवार

राजस्थान के चूरू में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सादुलपुर क्षेत्र के ददरेवा गांव के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों और कार चालक समेत 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं, परिवार की 9 महीने की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद चूरू रेफर किया गया है।
देवी दर्शन के लिए जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। सोमसीसर गांव, तारानगर निवासी परिवार कार से गोगामेड़ी में देवी के दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान ददरेवा गांव के पास कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला।
जयपुर-अजमेर हाईवे पर भीषण हादसा! श्रद्धालुओं की बस को ट्रेलर ने मारी टक्कर, 3 की मौत, 25 घायल
पति-पत्नी और मां-बेटे समेत 6 की मौत
हादसे में भंवर लाल शर्मा (60), उनकी पत्नी महेंद्र देवी (55), बहू कविता (28), यशोदा (34), चार महीने के कन्हैया और कार चालक मांगीलाल नाई (31) की मौत हो गई। यशोदा की 9 महीने की बेटी दिव्यांशी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर चूरू रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलने पर ददरेवा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य करते हुए घायल बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।




















