Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जिस टीम के लिए 12 साल खेले, अब उसी की कमान संभालेंगे कीरोन पोलार्ड; MI ने बनाया हेड कोच

मुंबई इंडियंस ने IPL 2027 से पहले कीरोन पोलार्ड को नया हेड कोच नियुक्त किया है। महेला जयवर्धने के पद छोड़ने के बाद फ्रेंचाइजी ने यह बड़ा फैसला लिया।
जिस टीम के लिए 12 साल खेले, अब उसी की कमान संभालेंगे कीरोन पोलार्ड; MI ने बनाया हेड कोच

मुंबई इंडियंस ने IPL 2027 से पहले बड़ा ऐलान किया है। फ्रेंचाइजी ने पूर्व कैरेबियाई ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। महेला जयवर्धने के पद छोड़ने के बाद यह जिम्मेदारी पोलार्ड को सौंपी गई है। खास बात यह है कि पोलार्ड का मुंबई इंडियंस से करीब 12 साल पुराना रिश्ता रहा है। अब वह खिलाड़ी के बाद कोच के तौर पर टीम को अपनी सेवाएं देंगे।

MI के साथ 12 साल का रहा है पोलार्ड का सफर

कीरोन पोलार्ड ने साल 2010 में 22 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस के लिए IPL डेब्यू किया था। इसके बाद वह 2022 तक इसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे। उन्होंने मुंबई के लिए 189 IPL मैच खेले, जिसमें 3,412 रन बनाए और 69 विकेट लिए। पोलार्ड मुंबई इंडियंस की कई खिताबी सफलताओं का हिस्सा रहे हैं। संन्यास के बाद भी उनका फ्रेंचाइजी से जुड़ाव बना रहा और अब उन्हें हेड कोच की जिम्मेदारी दी गई है।

X Post

हेड कोच बनने पर क्या बोले पोलार्ड?

मुंबई इंडियंस के हेड कोच की भूमिका मिलने पर पोलार्ड ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इस जिम्मेदारी को संभालना उनके लिए सम्मान की बात है। मुंबई इंडियंस उनके जीवन और करियर का बड़ा हिस्सा रही है और टीम के खिलाड़ियों के साथ उनका खास जुड़ाव है। उन्होंने नीता अंबानी, आकाश अंबानी और पूरे MI परिवार का आभार जताया। पोलार्ड ने कहा कि वह खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ मिलकर काम करने, टीम की विरासत को आगे बढ़ाने और नई प्रतिभाओं को निखारने के लिए उत्सुक हैं।

Mumbai Indians

अब कोच के तौर पर दिखेगा पोलार्ड का अनुभव

मुंबई इंडियंस के लिए लंबे समय तक खेलने वाले पोलार्ड अब टीम की रणनीति और खिलाड़ियों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उनके पास IPL और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का लंबा अनुभव है। ऐसे में फ्रेंचाइजी को उम्मीद होगी कि उनका अनुभव टीम के प्रदर्शन को नई दिशा देने में मदद करेगा।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts