नेताओं की सिफारिश भी नहीं आई काम, नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी निलंबित

कटनी। नगर निगम कटनी में लापरवाही और विभागीय निर्देशों की अनदेखी के मामले में निगमायुक्त तपस्या परिहार ने स्वास्थ्य अधिकारी संजय कुमार सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई अमीरगंज गौशाला की व्यवस्थाओं, शहर की साफ-सफाई, आवारा पशुओं पर नियंत्रण और विभागीय कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर की गई है। बार-बार नोटिस जारी होने के बावजूद कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने के बाद निगम प्रशासन ने यह कदम उठाया। कार्रवाई के बाद नगर निगम के विभागीय अमले में हलचल है।
अमीरगंज गौशाला की अव्यवस्थाओं पर कार्रवाई
स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी के निलंबन के पीछे अमीरगंज गौशाला की व्यवस्थाओं को प्रमुख कारण बताया गया है। गौशाला में पशुओं की देखभाल, चारा-पानी, उपचार और साफ-सफाई को लेकर शिकायतें मिलने के बाद स्पष्टीकरण मांगा गया था। निगम प्रशासन के अनुसार, संबंधित जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर मीडिया में भी खबरें प्रकाशित हुई थीं। इसके बाद मामले में जवाबदेही तय करने की कार्रवाई की गई।
सफाई और आवारा पशुओं के नियंत्रण में लापरवाही
निगम प्रशासन के मुताबिक, शहर में आवारा मवेशियों पर नियंत्रण, कांजी हाउस की व्यवस्था, वार्डों की सफाई और आवारा कुत्तों व बंदरों की रोकथाम जैसे कार्यों में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों के निराकरण में भी लापरवाही सामने आने की बात कही गई है शहर की सफाई व्यवस्था और नागरिकों से जुड़ी शिकायतों के समय पर समाधान की जिम्मेदारी को देखते हुए इन मामलों को गंभीरता से लिया गया।
वेतन भुगतान में देरी और बैठकों से गैरहाजिरी भी बनी वजह
विभागीय कार्यप्रणाली में अन्य कमियों का भी उल्लेख किया गया है। इनमें कर्मचारियों के वेतन देयकों को उचित परीक्षण के बिना अनुशंसित करना, अधीनस्थ श्रमिकों के वेतन भुगतान में देरी और टीएल सहित विभागीय समीक्षा बैठकों में अनुपस्थित रहना शामिल है। बताया गया है कि पहले भी कई बार कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन सुधार नहीं होने पर मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के उल्लंघन के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
निशांत कनोजिया को मिला स्वास्थ्य अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार
निलंबन अवधि के दौरान संजय सोनी को नगर निगम के जोन क्रमांक-4 स्थित माधवनगर उपकार्यालय में संबद्ध किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। वहीं, आगामी आदेश तक स्वास्थ्य अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार स्वच्छता निरीक्षक निशांत कनोजिया को सौंपा गया है। अब उनकी जिम्मेदारी स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े विभागीय कार्यों को संभालने की होगी।




















