वडोदरा में PM मोदी का मेगा शो शुरू, हजारों की भीड़, C-295 की उड़ान और नई ट्रेनों का जिक्र, जानें PM मोदी ने क्या-क्या कहा?

पीएम मोदी ने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तेजी से आगे बढ़ रहे भारत के लिए बेहद अहम है। पहले जिस ट्रैक पर यात्री ट्रेन चलती थी, उसी पर मालगाड़ियां भी चलती थीं। इससे दोनों की रफ्तार धीमी रहती थी। अब अलग फ्रेट कॉरिडोर बनने से मालगाड़ियों की रफ्तार बढ़ी है। पीएम मोदी के मुताबिक, आज ईस्टर्न और वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर पर रोजाना 430 से ज्यादा मालगाड़ियां चल रही हैं। पहले मालगाड़ी को 100 किलोमीटर जाने में करीब 6.30 घंटे लगते थे, लेकिन अब यही दूरी आधे से भी कम समय में पूरी हो रही है।
2800 किमी से ज्यादा फ्रेट कॉरिडोर पूरा
पीएम मोदी ने कहा कि वडोदरा में फ्रेट कॉरिडोर की आखिरी कड़ियां भी जुड़ गई हैं। इसके साथ ही 2800 किलोमीटर से ज्यादा लंबे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का काम पूरा हो गया है। उन्होंने इसे 21वीं सदी के भारत के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
‘पहले फाइलें अटकती, लटकती और भटकती थीं’
पीएम मोदी ने कहा कि फ्रेट कॉरिडोर की योजना पर 2004 में काम शुरू हुआ था और 2006 में इसके लिए अलग कंपनी भी बनाई गई थी। लेकिन 2014 तक काम आगे नहीं बढ़ पाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तब फाइलें ही अटकती, लटकती और भटकती रहती थीं। पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के बाद इस प्रोजेक्ट को तेजी से आगे बढ़ाया गया और अब 2800 किलोमीटर से ज्यादा का कॉरिडोर पूरा हो चुका है। आज ईस्टर्न और वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर देश के व्यापार और कारोबार के लिए अहम आधार बन रहे हैं।
एक मालगाड़ी में 250 ट्रकों जितना सामान
पीएम मोदी ने कहा, "फ्रेट कॉरिडोर से किसानों को जबरदस्त फायदा हुआ। ये फ्रेट कॉरिडोर एक और वजह से कमाल का है। हाल ही में JNPT पोर्ट मुंबई से वडोदरा तक डबल स्टैक कंटेनर मालगाड़ी का संचालन किया गया है। इस मालगाड़ी के चलने से एक बार में ही 250 से अधिक ट्रकों के बराबर का सामान मुंबई से वडोदरा चला आया। अब ये जो नाराज फूफा जी हैं, वो चिल्लाएंगे कि ट्रक वालों का क्या होगा, ट्रक कहा जाएंगे, उनका क्या होगा? अब इन फूफा जी को काम मिल गया है।"
विकसित भारत के लिए तेज कनेक्टिविटी जरूरी
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लिए ऐसी कनेक्टिविटी जरूरी है, जो आसान होने के साथ-साथ तेज भी हो। उन्होंने कहा कि फ्रेट कॉरिडोर इसी दिशा में बड़ा कदम है और इससे देश के व्यापार को भी गति मिल रही है।
वडोदरा में मैन्युफैक्चरिंग को लेकर भी बोले PM
पीएम मोदी ने कहा, ‘मैंने देश के सामने विकसित भारत की जिन सप्त धाराओं का विजन रखा है, उसमें एक धारा मैन्युफैक्चरिंग की भी है और वडोदरा शहर इसकी ताकत अच्छे से जानता भी है, समझता भी है। शिक्षा, कौशल और इंडस्ट्री का कोलैब कैसे होता है, वडोदरा 150 सालों से इसका प्रतिबिंब है। अब तो ये शहर देश के पहले 'मेड इन इंडिया' मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के लिए भी जाना जा रहा है। C-295 की पहली फ्लाइट यहां का आसमान देख चुका है। मैं वडोदरा के लोगों को ये गौरव पाने के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं’।
आदिवासी इलाकों तक पहुंच रही रेल
पीएम मोदी ने कहा, ‘फ्रेट कॉरिडोर के साथ-साथ अब भारत में रेल वहां भी पहुंच रही है जहां इतने दशकों तक नहीं पहुंची थी। गुजरात हो, मध्य प्रदेश हो, महाराष्ट्र हो, यहां जो आदिवासी क्षेत्र हैं, वे भी इस परियोजना के द्वारा रेल से जुड़ रहे हैं। पहले की सरकार में बजट में 1-2 ट्रेनों की घोषणा होती थी और उसके भी साल भर ढोल पीटे जाते थे जबकि आज देश में साल भर एक के बाद एक नई ट्रेनें चलाई जा रही हैं। आज भी इस कार्यक्रम में कई नई ट्रेनें शुरू हुई हैं’।



















