PlayBreaking News

Pune Ketan Agarwal Death Case : पिता ने कहा- सिया और चेतन दोनों ने माना केतन को धक्का देकर मारा, परिवार के सदस्यों पर भी संदेह

पुणे में केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुलिस की पड़ताल में नए खुलासे हुए हैं। केतन का पिता का दावा है कि दोनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस के मुताबिक सिया गोयल अपने मंगेतर केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे अपने कथित प्रेम संबंध में बाधा मानती थी। आरोप है कि इसी कारण उसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
Follow on Google News
पिता ने कहा- सिया और चेतन दोनों ने माना केतन को धक्का देकर मारा, परिवार के सदस्यों पर भी संदेह

पुणे। लोहागढ़ किले में हुई मौत को पहले हादसा माना गया था, लेकिन अब पुलिस ने इसे सुनियोजित हत्या का मामला बताया है। अधिकारियों के अनुसार, 26 वर्षीय रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक केतन विशाल अग्रवाल की लोहागढ़ किले से गिरकर मौत हो गई थी। पुलिस का दावा है कि केतन को उसकी मंगेतर और उसके कथित प्रेमी ने किले से नीचे धक्का दिया था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मृतक के पिता का कहना है कि दोनों ने हत्या की साजिश स्वीकार भी कर ली है।

पहले हादसा समझा गया, बाद में हत्या का केस 

पुणे के गहुंजे निवासी केतन विशाल अग्रवाल की 18 जून को लोहागढ़ किले के पास लगभग 400 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हुई थी। शुरुआत में इसे ट्रेकिंग के दौरान हुआ हादसा माना गया था, लेकिन जांचकर्ताओं का दावा है कि यह एक पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा था। जांच में केतन की मंगेतर सिया गोयल और चेतन बाबूलाल चौधरी की भूमिका सामने आने के बाद मामला हत्या में तब्दील हो गया।

घूमने के बहाने लोहागढ़ किले ले जाया गया 

जांचकर्ताओं के अनुसार, योजना के तहत सिया गोयल ने केतन को लोहागढ़ किले घूमने और ट्रेकिंग के लिए चलने को कहा। बाद में चेतन चौधरी को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस का दावा है कि तीनों के वहां पहुंचने के बाद हत्या की साजिश को अंजाम दिया गया।

Twitter Post

हमला करने के बाद खाई में धक्का देने का आरोप 

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर केतन पर किसी वस्तु से हमला किया गया और उसके बाद उसे किले से नीचे धक्का दे दिया गया। इससे वह लगभग 400 फीट गहरी खाई में जा गिरा और उसकी मौत हो गई। पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने कहा, दोनों एक-दूसरे को करीब एक साल से जानते थे। उन्होंने मिलकर इस योजना को अंजाम देने की साजिश रची। लोहागढ़ किले पर उन्होंने केतन अग्रवाल को धक्का दिया, जिससे वह नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई।

हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज 

संदीप सिंह गिल ने बताया कि केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत के आधार पर लोनावला ग्रामीण पुलिस ने मंगलवार को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है।

ये भी पढ़ें: आग में फंस जाएं तो जान बचा सकता है ये सेफ्टी सिस्टम, लखनऊ-दिल्ली हादसों के बाद बढ़ी चर्चा

'शुरुआत में हमने दुर्घटना माना' 

मृतक के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया, 18 जून को मेरा 26 वर्षीय बेटा लोहागढ़ किले से गिर गया था और उसकी मौत हो गई। शुरुआत में हमने इसे दुर्घटना माना था, जैसा कि सिया गोयल ने हमें बताया था। लेकिन बाद में उसके बयान और संदिग्ध व्यवहार से हमें महसूस हुआ कि यह साधारण हादसा नहीं था। उन्होंने कहा, गिरफ्तारी के बाद सिया और उसके साथी ने हत्या की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि दोनों ने मिलकर साजिश रची थी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि 14 जून को भी मेरे बेटे की हत्या की योजना बनाई गई थी, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। इसके बाद 18 जून को उसे दोबारा किले पर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया गया।

परिवार के अन्य सदस्यों पर भी संदेह 

विशाल अग्रवाल ने कहा कि उन्हें संदेह है कि सिया गोयल के माता-पिता, उसका भाई और उसकी बुआ भी इस पूरे मामले की जानकारी रखते थे। उन्होंने मांग की कि इस जघन्य अपराध में शामिल हर व्यक्ति की भूमिका की जांच कर उसे कानून के दायरे में लाया जाए।

'शादी नहीं करनी थी तो मना कर सकती थी' 

मृतक के पिता ने मामले की त्वरित सुनवाई और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा, मेरी सरकार से केवल यही अपील है कि इस मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई हो और आरोपियों को जल्द से जल्द सख्त सजा मिले, ताकि समाज में स्पष्ट संदेश जाए। उन्होंने कहा, अगर सिया शादी नहीं करना चाहती थी तो वह साफ मना कर सकती थी। हम तुरंत शादी रद्द कर देते। आखिर इतना खौफनाक कदम उठाने की जरूरत क्यों पड़ी?

'कैसी मानसिकता है कि किसी का बेटा मार दिया जाए' 

विशाल अग्रवाल ने कहा, यह कैसी मानसिकता है? किसी 26 साल के युवक की जान ले ली गई। इस तरह की सोच बेहद क्रूर है और ऐसे लोगों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए। 

 

ये भी पढ़ें: CG NEWS: बिलासपुर सेंट्रल जेल में खून की होली: रेप आरोपी का सिर स्लैब से कुचलकर कत्ल

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts