जेल में मोबाइल इस्तेमाल करते पकड़े गए प्रज्वल रेवन्ना, फोरेंसिक जांच में फोन से मिली आपत्तिजनक सामग्री

बेंगलुरु। कर्नाटक के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को लेकर जेल से जुड़ा एक नया मामला सामने आया है। बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में बंद रेवन्ना के पास से जब्त मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की फोरेंसिक जांच में कई अश्लील वीडियो और पेन ड्राइव में वेब सीरीज से जुड़ी फाइलें मिलने की जानकारी सामने आई है। यह जानकारी शनिवार को हुई फोरेंसिक जांच के बाद सामने आई। क्राइम ब्रांच ने 11 अगस्त को जेल में छापेमारी के दौरान रेवन्ना को मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा था। इसके बाद अधिकारियों ने मोबाइल फोन, चार्जर, पेन ड्राइव और एक नोटबुक जब्त की थी।
जेल में मोबाइल इस्तेमाल को लेकर जांच
क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के दौरान जेल में रेवन्ना के पास मोबाइल फोन मिलने के बाद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कराई गई। फोरेंसिक जांच में मोबाइल फोन में कई पोर्न वीडियो और पेन ड्राइव में वेब सीरीज से जुड़ी सामग्री मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि इन डिजिटल फाइलों का स्रोत क्या है और वे जेल के अंदर किस तरह पहुंचीं, इसे लेकर जांच जारी है। अधिकारियों की जांच में जेल के अंदर प्रतिबंधित सामान पहुंचाने वाले नेटवर्क पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
जेल में मोबाइल मिलने पर हो सकती है सख्त कार्रवाई
जेल नियमों के मुताबिक कैदियों के पास मोबाइल फोन, पेन ड्राइव या अन्य प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर उनके खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई हो सकती है। ऐसी स्थिति में कैदी को मिलने वाली कुछ सुविधाओं पर रोक लगाई जा सकती है या उसे अलग सेल में रखा जा सकता है। मामले की गंभीरता के आधार पर प्रतिबंधित सामान जेल के अंदर पहुंचाने वालों के खिलाफ अलग से मामला भी दर्ज किया जा सकता है।
जेल में मोबाइल पहुंचाने के मामलों में 9 गिरफ्तार
इसी बीच बेंगलुरु की सेंट्रल जेल में मोबाइल फोन और सिम कार्ड पहुंचाने से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने शुक्रवार को 9 लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच के अनुसार कुछ मोबाइल फोन जेल वार्डर के जरिए और सिम कार्ड एक अंडरट्रायल कैदी के माध्यम से अंदर पहुंचाए जाने की बात सामने आई है। एक अन्य मामले में जेल वार्डर श्रीनिवास नाइक पर करीब 12 मोबाइल फोन अवैध तरीके से जेल के अंदर पहुंचाने का आरोप है। तीसरे मामले में एक मोबाइल फोन जेल के अंदर पहुंचाने में चीफ वार्डन विजय कुमार की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
रेप केस में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं प्रज्वल
प्रज्वल रेवन्ना JDS विधायक एचडी रेवन्ना के बेटे और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते हैं। वह एक घरेलू सहायिका से रेप के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। प्रज्वल के खिलाफ मामला अप्रैल 2024 में उस समय चर्चा में आया था, जब उनके परिवार के फार्महाउस में काम करने वाली 47 वर्षीय महिला ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया था कि 2021 से उसके साथ कई बार यौन अपराध किया गया और घटना के बारे में किसी को बताने पर वीडियो लीक करने की धमकी दी गई। इसके बाद प्रज्वल के खिलाफ यौन शोषण से जुड़े आरोपों की जांच शुरू हुई। इसी दौरान उनके सेक्स वीडियो सामने आने के बाद मामला देशभर में चर्चा में आ गया।
ये भी पढ़ें: CGPSC पर ED-EOW का डबल एक्शन, एडिशनल कलेक्टर गिरफ्तार, 2003 भर्ती घोटाले में 15 अफसरों पर चार्जशीट की तैयारी
चुनाव के दौरान विदेश चले गए थे
प्रज्वल रेवन्ना 2024 के लोकसभा चुनाव में कर्नाटक की हासन सीट से JDS उम्मीदवार थे। आरोप सामने आने के बाद वह विदेश चले गए थे। 31 मई 2024 को जर्मनी से भारत लौटने के बाद उन्हें बेंगलुरु एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था। बाद में उनके खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर JDS ने भी उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रज्वल हासन सीट से दोबारा मैदान में उतरे थे लेकिन इस बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा।



















