Pradhani :गौरव कुमार की फिल्म ‘प्रधानी’ का पोस्टर लॉन्च, गांव की राजनीति पर आधारित है कहानी

गौरव कुमार की आगामी फिल्म प्रधानी का पोस्टर लॉन्च कर दिया गया है। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और अब मेकर्स इसके अगले चरण की तैयारियों में जुटे हैं। फिलहाल गौरव कुमार मुंबई में अपनी नई वेब सीरीज की शूटिंग में व्यस्त हैं।
गांव की सच्ची घटना पर आधारित है कहानी
फिल्म ‘प्रधानी’ की कहानी गांव की वास्तविक घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है। इसमें दिखाया जाएगा कि गांव के प्रधान के पास आने वाला सरकारी बजट कैसे इस्तेमाल होता है, किस तरह गरीबों की मदद की जाती है या कई बार उनके हिस्से का पैसा भी हड़प लिया जाता है। मेकर्स इसे पूरी तरह रियलिस्टिक फिल्म बता रहे हैं।
‘पंचायत’ से अलग होगा फिल्म का अंदाज
फिल्म की तुलना भले ही ग्रामीण पृष्ठभूमि वाली चर्चित पंचायत से की जा रही हो, लेकिन मेकर्स का दावा है कि ‘प्रधानी’ का ट्रीटमेंट और कहानी पूरी तरह अलग होगी। गांव की राजनीति, भ्रष्टाचार और स्थानीय सत्ता संघर्ष को फिल्म में अलग अंदाज में पेश किया गया है।
ये भी पढ़ें: Shiva Rajkumar : कन्नड़ सुपरस्टार शिवा राजकुमार का नया धमाका, तमिल निर्देशक अभिशन जीविंथ संग करेंगे फिल्म
रामू दलाल के किरदार में दिखेंगे गौरव कुमार
फिल्म में गौरव कुमार ‘रामू दलाल’ नाम का किरदार निभा रहे हैं, जो कहानी का मुख्य विलेन है। पोस्टर में उनका लुक काफी खतरनाक नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह किरदार फिल्म की कहानी में बड़ा ट्विस्ट लेकर आएगा।
नरेंद्र कनौजिया ने किया निर्देशन
नरेंद्र कनौजिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राजेश श्रीवास्तव, आदित्य शेखर और अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। मेकर्स को उम्मीद है कि फिल्म की कहानी दर्शकों को काफी पसंद आएगी।
जल्द शुरू होगी ‘लव कमीना लव’ की शूटिंग
गौरव कुमार इससे पहले रायबरेली, सीतापुर सिटी ऑफ गैंगस्टर, संदेह, नाच बसंती नाच, सूबेदार और लाल दाना जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। अब वह जल्द ही रायबरेली में अपनी नई फिल्म लव कमीना लव की शूटिंग शुरू करेंगे, जिसमें स्थानीय कलाकारों को भी मौका दिया जाएगा।










