PM Modi New Zealand Visit:40 साल बाद न्यूजीलैंड पहुंचे PM मोदी, माओरी परंपरा से भव्य स्वागत, FTA पर किया बड़ा ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को न्यूजीलैंड दौरे के दौरान भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को नई ऊंचाई देने वाले कई अहम ऐलान किए। उन्होंने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को दोनों देशों के रिश्तों में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया और कम समय में बातचीत पूरी कर समझौते को अंतिम रूप देने के लिए न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और उनकी सरकार का आभार जताया।
ऑकलैंड में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान PM मोदी ने कहा कि 40 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड यात्रा दोनों देशों के संबंधों में नई ऊर्जा लेकर आई है।
FTA पर क्या बोले प्रधानमंत्री मोदी?
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भारत आए थे, तभी दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते की प्रक्रिया शुरू हुई थी। उन्होंने कहा कि जिस तेजी से इस समझौते पर बातचीत पूरी हुई, वह दुनिया की सबसे तेज सफल व्यापार वार्ताओं में से एक हो सकती है।उन्होंने कहा कि यह समझौता व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को नई गति देगा और दोनों देशों के कारोबारियों के लिए नए अवसर पैदा करेगा।
भारत-न्यूजीलैंड का संयुक्त बयान जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने हर प्रकार के आतंकवाद, विशेष रूप से सीमा पार से होने वाले आतंकवाद की कड़े शब्दों में निंदा की। दोनों नेताओं ने पहलगाम आतंकी हमले की भी कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने आतंकवाद को वित्तीय मदद देने वाले नेटवर्क, सुरक्षित ठिकानों और ऑनलाइन आतंकी ढांचे को पूरी तरह खत्म करने तथा आतंकियों और उनके मददगारों को जल्द से जल्द न्याय के कटघरे में लाने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना की
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा, प्रधानमंत्री जी, न्यूजीलैंड में आपकी मेजबानी करना हमारे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है। आपकी यह यात्रा वाकई ऐतिहासिक है क्योंकि 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा है। इससे एक बहुत स्पष्ट संदेश जाता है। न्यूजीलैंड और भारत अपने रिश्तों को एक नए स्तर पर ले जा रहे हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से आपको धन्यवाद देना चाहता हूं कि आपने इस रिश्ते को प्राथमिकता दी, इसमें अपना उत्साह और ऊर्जा लगाई और इसे आगे बढ़ाने में मदद की।
शुक्रवार को ऑकलैंड में हुआ भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार शाम अपने तीन देशों के दौरे के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड के ऑकलैंड पहुंचे थे। यह यात्रा इसलिए भी खास है क्योंकि करीब 40 साल बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री आधिकारिक दौरे पर न्यूजीलैंड पहुंचा है।
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया दौरा पूरा कर न्यूजीलैंड पहुंचे पीएम मोदी: ऑकलैंड में हुआ जोरदार स्वागत, भारतीयों को करेंगे संबोधित
माओरी परंपरा 'पोव्हिरी' से हुआ सम्मान
ऑकलैंड के गवर्नमेंट हाउस में प्रधानमंत्री मोदी का न्यूजीलैंड की पारंपरिक माओरी 'पोव्हिरी' (Powhiri) रस्म के साथ स्वागत किया गया। यह परंपरा सम्मान, मित्रता और सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक मानी जाती है।
एयरपोर्ट पर खुद पहुंचे PM क्रिस्टोफर लक्सन
प्रधानमंत्री मोदी के ऑकलैंड पहुंचने पर न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन खुद एयरपोर्ट पहुंचे और उनका स्वागत किया। इसे दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों का बड़ा संकेत माना जा रहा है।
भारतीय समुदाय और उद्योग जगत से भी करेंगे मुलाकात
विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान प्रमुख उद्योगपतियों, निवेशकों और खेल जगत की हस्तियों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह न्यूजीलैंड में रहने वाले भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।
यह भी पढ़ें: भारत में पहली बार बिग बैश लीग! MCG से पीएम मोदी ने किया बड़ा ऐलान, स्टीव वॉ भी रहे मौजूद
होली की मुलाकात को किया याद
प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले साल होली के अवसर पर भारत आए क्रिस्टोफर लक्सन की यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरे ने दोनों देशों के रिश्तों में नए रंग भर दिए थे। उन्होंने कहा कि अब दोनों देश अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के नए स्तर पर ले जा रहे हैं, जिससे भविष्य में सहयोग और मजबूत होगा।
लोकतांत्रिक मूल्यों ने बनाया साझेदार
PM मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड लोकतांत्रिक मूल्यों में गहरी आस्था रखते हैं। यही समान सोच दोनों देशों को स्वाभाविक साझेदार बनाती है। उन्होंने कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में दो समुद्री देशों के रूप में भारत और न्यूजीलैंड का सहयोग शांति, सुरक्षा और स्थिरता को मजबूत करेगा। साथ ही दोनों देश वैश्विक कल्याण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
यह भी पढ़ें: PM मोदी के दौरे से पहले न्यूजीलैंड का बड़ा तोहफा: 57% वस्तुओं पर जीरो टैरिफ का ऐलान
व्यापार, शिक्षा और रक्षा में बढ़ेगा सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान व्यापार, निवेश, शिक्षा, रक्षा, कृषि, डिजिटल टेक्नोलॉजी, पर्यटन और लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। माना जा रहा है कि इन क्षेत्रों में कई नए अवसर खुलेंगे।











