5000 पुलिसकर्मी, हाई अलर्ट और मेगा शो..!UP को मिला 594 KM लंबा एक्सप्रेस-वे, PM मोदी ने किया भव्य उद्घाटन

बुधवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे। जैसे ही PM का काफिला पहुंचा, पूरे इलाके में उत्साह की लहर दौड़ गई। भारी गर्मी के बावजूद हजारों लोग कार्यक्रम स्थल पर जुटे रहे।
हरित संदेश के साथ शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत बेहद खास रही। प्रधानमंत्री ने एक्सप्रेस-वे के किनारे एक पौधा लगाया। यह विकास और पर्यावरण संतुलन का संदेश था।इसके बाद पीएम मोदी, सीएम योगी के साथ एक्सप्रेस-वे पर पैदल भी चले। एक्सप्रेस-वे पर पैदल चलकर इसकी गुणवत्ता और डिजाइन को देखा। यह दृश्य लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया।
गंगा एक्सप्रेस-वे अब हरिद्वार तक जुड़ेगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे का काम तेजी से पूरा हुआ है और अब इसे और आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह एक्सप्रेस-वे मेरठ से आगे बढ़कर जल्द ही हरिद्वार तक जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे बनाकर इसे अन्य प्रमुख मार्गों से भी जोड़ा जाएगा।
पीएम मोदी ने इसे डबल इंजन सरकार का विजन बताते हुए कहा कि यही विकास की रफ्तार और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि देश में तेज विकास के लिए बड़े स्तर पर सड़क और कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स जरूरी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज के दिन को लोकतंत्र के उत्सव का बेहद अहम दिन बताया। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में इस समय मतदान जारी है और शुरुआती रुझानों में भारी वोटिंग देखने को मिल रही है।
मुख्यमंत्री योगी का संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनेगा। उन्होंने बताया कि यह प्रोजेक्ट कोरोना महामारी के कठिन समय में शुरू हुआ था, फिर भी इसे समय पर पूरा किया गया। योगी ने कहा कि यह सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि किसानों की समृद्धि और नए भारत की पहचान है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रही। करीब 5000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए, जिनमें एसपीजी, वरिष्ठ अधिकारी, महिला पुलिसकर्मी और अन्य सुरक्षा बल शामिल थे। पूरे कार्यक्रम क्षेत्र को हाई सिक्योरिटी जोन में बदल दिया गया था।
यह भी पढ़ें: काशी में मोदी का भव्य रोड शो और बाबा विश्वनाथ के दर्शन : त्रिशूल लहराया, 108 बटुकों के शंखनाद से हुआ स्वागत
यूपी के विकास का नया चेहरा
गंगा एक्सप्रेस-वे के बनने से उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर का स्तर पूरी तरह बदल रहा है। यह राज्य का छठा बड़ा एक्सप्रेस-वे है। इससे पहले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे 340 किलोमीटर लंबा था। अब गंगा एक्सप्रेस-वे ने उसे पीछे छोड़ दिया है और राज्य के विकास मॉडल को नई दिशा दी है।
594 किलोमीटर का मेगा प्रोजेक्ट
गंगा एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश का अब तक का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे है। इसकी कुल लंबाई लगभग 594 किलोमीटर है। यह मेरठ को सीधे प्रयागराज से जोड़ता है। पहले यह दूरी तय करने में 11 से 12 घंटे लगते थे, लेकिन अब यह सफर सिर्फ 6 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। इस एक्सप्रेस-वे से राज्य के 12 जिलों को सीधा फायदा मिलेगा और कनेक्टिविटी का पूरा नक्शा बदल जाएगा।
हर 75 किलोमीटर पर सुविधा
यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया है। हर 75 किलोमीटर पर पेट्रोल पंप बनाए गए हैं। इन्हें भारत पेट्रोलियम द्वारा संचालित किया जाएगा। इससे लंबी दूरी की यात्रा और भी आसान और निर्बाध हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: क्या है गंगा एक्सप्रेसवे? PM मोदी करेंगे उद्घाटन, सच में 6 घंटे में पूरा होगा मेरठ–प्रयागराज सफर?
लागत और जमीन
इस पूरे प्रोजेक्ट की लागत लगभग 37,350 करोड़ रुपए रही है। इसमें करीब 9,500 करोड़ रुपए सिर्फ जमीन खरीदने में खर्च हुए। किसानों को बाजार दर से चार गुना ज्यादा मुआवजा दिया गया। करीब एक लाख किसानों ने अपनी जमीन इस प्रोजेक्ट के लिए दी है, जिससे यह परियोजना जनभागीदारी का बड़ा उदाहरण बन गई है।

इंडस्ट्रियल ग्रोथ की नई उम्मीद
गंगा एक्सप्रेस-वे सिर्फ यात्रा को आसान नहीं बना रहा, बल्कि यह आर्थिक विकास का नया इंजन भी बन रहा है। इसके आसपास 27 इंडस्ट्रियल हब विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही डिफेंस कॉरिडोर और नए निवेश क्षेत्रों की भी योजना है।











