क्या है गंगा एक्सप्रेसवे?PM मोदी करेंगे उद्घाटन, सच में 6 घंटे में पूरा होगा मेरठ–प्रयागराज सफर?

उत्तर प्रदेश आज एक बड़े बदलाव का साक्षी बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हरदोई से देश को गंगा एक्सप्रेसवे समर्पित करेंगे, जो राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है। यह सिर्फ एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देने वाला मेगा प्रोजेक्ट है।
क्या है गंगा एक्सप्रेसवे?
गंगा एक्सप्रेसवे 594 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड कॉरिडोर है, जो मेरठ से प्रयागराज तक बनाया गया है। यह 6 लेन का एक्सप्रेसवे है, जिसे भविष्य में 8 लेन तक बढ़ाया जा सकता है। इसकी खास बात यह है कि यहां गाड़ियां 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगी।
यह भी पढ़ें: जनता चाहती है बदलाव: बैरकपुर से PM मोदी का बड़ा संदेश, बंगाल को दी 5 विकास गारंटी
क्यों खास है गंगा एक्सप्रेसवे?
- 594 किमी लंबा हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे
- 6 लेन (8 लेन तक विस्तार संभव)
- 120 किमी/घंटा डिजाइन स्पीड
- 12 जिले और 518 गांव जुड़े
- 12 औद्योगिक नोड्स विकसित
- 36,230 करोड़ की लागत
- 3.5 किमी लंबी हवाई पट्टी
6-7 घंटे में पूरी होगी मेरठ से प्रयागराज की दूरी
पहले मेरठ से प्रयागराज पहुंचने में 10 से 12 घंटे लगते थे। लेकिन अब यही सफर सिर्फ 6 से 7 घंटे में पूरा हो जाएगा। इससे समय की बचत होगी, यात्रा आसान होगी और लोगों की जिंदगी में तेजी आएगी।
उत्तर प्रदेश बनेगा एक्सप्रेसवे का नंबर वन राज्य
गंगा एक्सप्रेसवे के साथ उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे नेटवर्क और मजबूत होगा। यह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और अन्य कॉरिडोर से जुड़कर पूरे राज्य को हाई-स्पीड नेटवर्क से जोड़ देगा।
12 जिलों और 518 गांवों को जोड़ेगा एक्सप्रेसवे
यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के 12 जिलों से होकर गुजरता है- मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज। इसके जरिए 518 गांव सीधे जुड़ेंगे।
यह भी पढ़ें: PM Modi: 50वें स्थापना दिवस पर सिक्किम को पीएम मोदी ने दी सौगात, 4,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन
सिर्फ सड़क नहीं, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर भी खास
गंगा एक्सप्रेसवे को एक खास मॉडल पर बनाया गया है इसे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसका मतलब है कि एक्सप्रेसवे के किनारे फैक्ट्री, वेयरहाउस और लॉजिस्टिक्स पार्क बनाए जाएंगे।
12 औद्योगिक नोड्स- आएगा बड़ा निवेश
एक्सप्रेसवे के किनारे 12 बड़े औद्योगिक क्षेत्र (नोड्स) विकसित किए जा रहे हैं। इसके लिए करीब 6500 एकड़ जमीन चुनी गई है। इन नोड्स में मैन्युफैक्चरिंग, वेयरहाउसिंग और एग्री-प्रोसेसिंग से जुड़ी कंपनियां आएंगी। अब तक लगभग 987 निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं, जिनसे करीब 46,660 करोड़ रुपए के निवेश की उम्मीद है।
PPP मॉडल पर बना एक्सप्रेसवे
इस परियोजना को PPP (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर बनाया गया है। यानी सरकार और निजी कंपनियों ने मिलकर इसे तैयार किया है। इस मॉडल से बेहतर गुणवत्ता और तेज निर्माण सुनिश्चित हुआ है।
36 हजार करोड़ की लागत
गंगा एक्सप्रेसवे को बनाने में करीब 36,230 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। इसमें चौड़ी सड़कें, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और आधुनिक डिजाइन शामिल है, जिससे यह देश के सबसे आधुनिक एक्सप्रेसवे में गिना जाएगा। इस एक्सप्रेसवे की एक खास बात है शाहजहांपुर में 3.5 किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी बनाई गई है। यह इमरजेंसी में लड़ाकू विमानों के उतरने के काम आएगी।
किसानों और व्यापारियों को मिलेगा सीधा फायदा
इस एक्सप्रेसवे से किसानों को बड़ा लाभ होगा। अब वे अपने उत्पाद जल्दी और आसानी से शहरों और बाजारों तक पहुंचा सकेंगे। इससे उन्हें बेहतर दाम मिलेगा और उनकी आय बढ़ेगी। वहीं व्यापारियों के लिए भी सामान की ढुलाई आसान और सस्ती हो जाएगी।
रोजगार और विकास का नया इंजन
गंगा एक्सप्रेसवे के साथ नए उद्योग लगेंगे, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। हरदोई, उन्नाव, रायबरेली और प्रतापगढ़ जैसे जिलों में विकास तेजी से बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें: ‘गंगा बंगाल की आत्मा है...’ PM मोदी ने हुगली में की नाव की सवारी, नाविकों और आम लोगों से भी मिले; देखें PHOTOS
पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। प्रयागराज, काशी और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।











