काशी में मोदी का भव्य रोड शो और बाबा विश्वनाथ के दर्शन : त्रिशूल लहराया, 108 बटुकों के शंखनाद से हुआ स्वागत

वाराणसी में बुधवार का दिन पूरी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मादी के नाम रहा। काशी की गलियों से लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर तक हर तरफ उत्साह, भीड़ और भक्ति का माहौल नजर आया। प्रधानमंत्री ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए, गर्भगृह में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बाहर निकलते ही त्रिशूल लहराकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। करीब 14 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान जिस तरह से जनता उमड़ी, उसने पूरे शहर को उत्सव में बदल दिया।
20 मिनट की पूजा, पांच पंडितों ने कराई विधि-विधान से आराधना
प्रधानमंत्री सुबह मंदिर पहुंचे और सीधे गर्भगृह में जाकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। करीब 20 मिनट तक उन्होंने पूजा-अर्चना की। इस दौरान पांच पंडितों ने पूरे विधि-विधान से पूजा कराई। प्रधानमंत्री को माला पहनाई गई और उनके माथे पर त्रिपुंड लगाया गया। पूजा के बाद जब वे मंदिर परिसर से बाहर निकले, तो भाजपा नेताओं ने उन्हें त्रिशूल और डमरू भेंट किया। मोदी ने त्रिशूल हाथ में लेकर उसे हवा में लहराया, जिसका दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बन गया।
108 बटुकों के शंखनाद से गूंजा मंदिर परिसर
मंदिर के मुख्य द्वार पर प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए खास तैयारी की गई थी। 108 बटुकों ने एक साथ शंख बजाकर उनका स्वागत किया। शंखनाद की आवाज से पूरा परिसर गूंज उठा और माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग गया। प्रधानमंत्री ने इस दौरान कुछ बच्चों से मुलाकात भी की और उनसे बातचीत की।

14 किलोमीटर लंबा रोड शो, हर मोड़ पर स्वागत
प्रधानमंत्री का रोड शो इस दौरे का सबसे चर्चित हिस्सा रहा। करीब 14 किलोमीटर लंबा यह रोड शो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। जगह-जगह लोगों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। लोग छतों, बालकनियों और सड़कों के किनारे खड़े होकर प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए इंतजार करते दिखे। रोड शो के दौरान कई जगहों पर फूलों की बारिश की गई। काफिले पर लगातार फूल बरसते रहे और माहौल पूरी तरह उत्सव जैसा बना रहा। प्रधानमंत्री ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया, हालांकि वे कहीं रुके नहीं।
ढोल-नगाड़ों पर झूमे कार्यकर्ता
रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। कई चौराहों पर कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते नजर आए। पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ स्वागत ने पूरे आयोजन को सांस्कृतिक रंग भी दे दिया।
हरदोई के लिए रवाना, गंगा एक्सप्रेस-वे का करेंगे उद्घाटन
काशी में कार्यक्रम खत्म करने के बाद प्रधानमंत्री हरदोई के लिए रवाना हो गए। वहां वे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। यह एक्सप्रेस-वे करीब 594 किलोमीटर लंबा है और मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा। इस परियोजना को उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे राज्य में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
एक दिन पहले 6350 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण
इस दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री ने 6,350 करोड़ रुपए की 163 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था। इन परियोजनाओं में बुनियादी ढांचे से लेकर जनसुविधाओं तक कई महत्वपूर्ण काम शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में भी हिस्सा लिया, जिसमें करीब 50 हजार महिलाओं की भागीदारी रही। इस दौरान उन्होंने मंच से कहा कि महिलाओं के अधिकार और आरक्षण को लेकर सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसमें कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
11 साल में 54वां दौरा, काशी से खास जुड़ाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काशी से खास संबंध है। यह उनका संसदीय क्षेत्र भी है और वे लगातार यहां आते रहे हैं। पिछले 11 साल में यह उनका 54वां दौरा है, जबकि साल 2026 का यह पहला काशी दौरा रहा। इससे पहले वे नवंबर 2025 में यहां आए थे।












