केरल में बोले पीएम मोदी...कांग्रेस चाहती है वेस्ट एशिया के देश भारत को दुश्मन समझें

इलेक्शन डेस्क। केरल विधानसभा चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुवल्ला में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे बयान दे रही है जिससे पश्चिम एशिया के देश भारत को अपना दुश्मन समझ सकते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति से गल्फ देशों में काम कर रहे भारतीयों के हित प्रभावित हो सकते हैं। उनके अनुसार विपक्ष ऐसा माहौल बनाना चाहता है जिससे डर और अस्थिरता फैले और उसे सरकार पर हमला करने का मौका मिले।
केरल के लोगों की सुरक्षा मेरी प्राथमिकता
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजनीति और चुनाव अपने स्थान पर हैं, लेकिन उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण केरल के लोगों की सुरक्षा और हित हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार हर परिस्थिति में भारतीयों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम मोदी ने कहा कि विदेशों में काम कर रहे भारतीयों की सुरक्षा और सम्मान उनकी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
LDF सरकार पर कुशासन का आरोप
पीएम मोदी ने राज्य की मौजूदा लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) सरकार पर भी जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि 4 मई को दशकों के कथित कुशासन का अंत होगा। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि राज्य में बदलाव की लहर दिख रही है और जनता इस बार नई सरकार बनाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि जनसभा में उमड़ी भीड़ यह संकेत दे रही है कि केरल में पहली बार भाजपा-NDA की सरकार बनने की संभावना मजबूत हो रही है।
केरल संभावनाओं से भरपूर राज्य
प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल प्राकृतिक संसाधनों और संभावनाओं से भरपूर राज्य है। उन्होंने ब्लू इकोनॉमी, समुद्री संसाधनों और पर्यटन क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में बड़े स्तर पर विकास की संभावना है। इसके बावजूद राज्य विकास की दौड़ में पीछे रह गया है। पीएम मोदी के अनुसार इसका कारण लंबे समय से चली आ रही नीतियां और सरकारों की कार्यशैली रही है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब केरल नई दिशा में आगे बढ़े।
कांग्रेस और लेफ्ट से सावधान रहने की अपील
पीएम मोदी ने महिलाओं के समर्थन को अपनी ताकत बताते हुए कहा कि राज्य में एनडीए के पक्ष में माहौल बन रहा है। उन्होंने पार्टी उम्मीदवार अनुप को समर्पित और मेहनती बताते हुए जनता से उन्हें समर्थन देने की अपील की। प्रधानमंत्री ने सबरीमाला और भगवान अयप्पा का उल्लेख करते हुए सांस्कृतिक आस्था से जुड़ाव भी दिखाया और लोगों से कांग्रेस तथा लेफ्ट दलों से सतर्क रहने को कहा।
डबल इंजन सरकार से विकास का दावा
प्रधानमंत्री ने कहा कि LDF और UDF सरकारों ने क्षेत्र के बुनियादी ढांचे पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। उन्होंने सड़कों, पुलों और मेडिकल कॉलेज जैसी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। पीएम मोदी ने सबरीमाला रेलवे परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी बढ़ेगी, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि भाजपा की डबल इंजन सरकार बनती है तो रुकी हुई परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जाएगा।
अन्य राज्यों के विकास मॉडल का उदाहरण
प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर के कई राज्यों में एनडीए सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि ईसाई समुदाय की बड़ी आबादी वाले राज्यों में भी विकास कार्य तेजी से हुए हैं। गोवा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां भी भाजपा-NDA सरकार के दौरान विकास को गति मिली है। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि यदि केरल में एनडीए की सरकार बनती है तो राज्य भी विकास की नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा और लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।












